शिमला : मुख्यमंत्री ने शिलाई क्षेत्र में करोड़ों के लोकार्पण व शिलान्यास किए
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने वीरवार को सिरमौर जिले के शिलाई विधानसभा क्षेत्र में 20 करोड़ रु पए लागत की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। इसमें 11.61 करोड़ के तीन लोकार्पण और 8.14 करोड़ के 11 शिलान्यास शामिल हैं।
वहीं इस दौरान कफोटा में उमंडलाधिकारी (नागरिक) कार्यालय, 11.15 करोड़ की लागत से निर्मित राजकीय महाविद्यालय कफोटा के भवन और ग्राम पंचायत कोटा पब में कियाना बस्ती के लिए 46 लाख से बनी उठाऊ जलापूर्ति योजना का लोकार्पण किया।
वहीं सीएम ने कॉलेज के परिसर में पौधरोपण भी किया। उन्होंने उपमंडलाधिकारी (नागरिक) के नवनिर्मित कार्यालय परिसर में अर्जुन का पौधा रोपा।
मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के अन्तर्गत तहसील शिलाई में खुन बाग और धोची व्यास बिजुई के लिए सोलर आधारित 1.01 करोड़ लागत से निर्मित होने वाली जलापूर्ति योजना, नाबार्ड के तहत तहसील पांवटा साहिब में 1.60 करोड़ रुपये लागत से निर्मित होने वाली उठाऊ जलापूर्ति योजना कंडू चियोग-थाना, नाबार्ड के अन्तर्गत ग्राम पंचायत कंडू चियोग में 60 लाख लागत से निर्मित होने वाली बहाव सिंचाई योजना सैंगा, जल जीवन मिशन के अन्तर्गत तहसील कामरू की ग्राम पंचायत चांदनी के लिए 1.03 करोड़ लागत से निर्मित होने वाली भू-जल जलापूर्ति योजना, 1.38 करोड़ लागत से निर्मित होने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र टिम्बी और कामरू में 2.53 करोड़ लागत से निर्मित होने वाले राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन का शिलान्यास किया।
कफोटा के पब गांव में सीएम ने कहा कि शिलाई और सराज क्षेत्र में न केवल भौगोलिक रूप से समानता है, बल्कि यह क्षेत्र समान परम्परा, संस्कृति और विकास संबंधी आवश्यकताओं को भी साझा करते हैं। इस कार्यकाल के दौरान प्रदेश सरकार ने क्षेत्र की सभी विकासात्मक आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित की है।
उन्होंने कहा कि देश के चार राज्यों में हाल ही में हुए चुनावों के बाद प्रदेश में कांग्रेस नेतृत्व की स्थिति दयनीय है। हिमाचल में भी भाजपा सरकार को पुन: सत्ता में लाने का मन बना लिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने पिछले कार्यकाल के दौरान प्रदेश कुछ भी नहीं किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जनकल्याण के लिए एक भी योजना आरम्भ नहीं की, जबकि वर्तमान राज्य सरकार ने गरीबों और पिछड़े वर्गों के कल्याण के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं।
मुख्यमंत्री ने सतौन में डिग्री कॉलेज खोलने, कफोटा में चिकित्सा खंड, बालीकोटी और हलाह में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कामरो को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत करने, काहरका और शिल्ली अगाद में स्वास्थ्य उप केंद्र खोलने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जाखना में 10 बिस्तर उपलब्ध करवाने की घोषणा की। उन्होंने इस अवसर पर क्षेत्र के कुछ स्कूलों के स्तरोन्नयन की भी घोषणा की। उन्होंने क्षेत्र की सम्पर्क सड़कों के लिए पर्याप्त धन राशि की व्यवस्था करने, सतौन में उप-तहसील खोलने तथा कफोटा में मुद्रिका बस चलाने की भी घोषणा की।
उन्होंने कफोटा डिग्री कॉलेज का नाम स्वामी विवेकानंद तथा डिग्री कॉलेज शिलाई को वीर सावरकर के नाम पर नामित करने की भी घोषणा की। उन्होंने इस अवसर पर जाखना में स्पोर्ट्स हॉस्टल आरम्भ करने तथा आयोजन स्थल पाब मैदान के लिए 10 लाख रुपए देने की भी घोषणा की।
राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी, नाहन के विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पच्छाद की विधायक रीना कश्यप, राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष बलदेव भंडारी, सिरमौर जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता, शिलाई भाजपा मंडल के अध्यक्ष सूरत सिंह चौहान, सिरमौर जिला परिषद की अध्यक्ष सीमा कनियाल, उपायुक्त सिरमौर आरके गौतम, पुलिस अधीक्षक ओमापति जम्वाल सहित अन्य गणमान्य भी इस अवसर पर उपस्थित थे।