10 माह बाद उपमंडल दाड़लाघाट के स्कूलों में फिर लौटी रौनक
हिमाचल प्रदेश में सोमवार से शिक्षा विभाग द्वारा जारी दिशानिर्देश के अनुसार आठवीं से बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए स्कूल खुल गए। हालांकि ग्रीष्मकालीन स्कूलों में पूरा स्टाफ उपस्थित रहा, फिर भी पहले दिन बच्चों की संख्या स्कूल में अच्छी देखने को मिली।
उपमंडल के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़लाघाट के प्रधानाचार्य राजीव गौतम ने बताया कि इस दौरान विद्यालय में जहां पूरा स्टाफ उपस्थित रहा। वहीं 492 विद्यार्थियों में से 250 विद्यार्थी उपस्थित रहे।
वहीं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नवगांव के प्रवक्ता धर्मपाल शुक्ला ने बताया कि इस दौरान विद्यालय में शिक्षा विभाग द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुसार स्कूल खुले रहे। इस दौरान पाठशाला में 100 प्रतिशत अध्यापकों की उपस्थिति रही। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को गेट पर ही सैनिटाइज किया गया और उनके तापमान को माप कर पाठशाला में प्रवेश दिया गया। इस दौरान विद्यालय प्रवेश के लिए शिक्षा विभाग की ओर से जारी प्रपत्र के बाद कुछ विद्यार्थी स्कूल पहुँचे। हालांकि जिन बच्चों के पास प्रपत्र नही था, उन्हें वापिस घर की ओर भेजा गया।
वही राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुन्दन के प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर ने बताया कि सोमवार को विद्यालय में विद्यार्थियों की रौनक देखने को मिली। इस दौरान विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था से लेकर स्कूल भवन को सैनिटाइज करने तक के सभी कार्य पूर्व दिनों में ही पूरे कर लिए गए थे। इस दौरान कोरोना वायरस से बचाव के लिए मानक परिचालन प्रक्रिया एसओपी का पालन किया गया। स्कूल पहुंचने पर सबसे पहले बच्चों के हाथ सेनिटाइज करके थर्मल स्कानिंग की गई। इसके बाद ही उन्हें स्कूल भवन में प्रवेश दिया गया। उन्होंने बताया कि स्कूल में प्रार्थना सभाएं नहीं हुई व विद्यार्थियों को शारीरिक दूरी के नियम का पालन करते हुए बिठाया गया। इस मौके पर अध्यापकों ने विद्यार्थियों की विभिन्न विषयों में आने वाली समस्याओं का समाधान भी किया।
