नियुक्ति की तिथि से दी जाए वरिष्ठता, अनुबंधकाल को कुल सेवाकाल में जोड़ा जाए
( words)

हिमाचल अनुबंध नियमित कर्मचारी संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल जिला संयोजक मोहित शर्मा के नेतृत्व में मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी से शिमला में सचिवालय में मिला। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने विस्तार से वरिष्ठता की मांग को संजय अवस्थी के समक्ष उठाया। मुख्यमंत्री से व्यस्तता के कारण मुलाकात नहीं हो पाई। मुख्य संसदीय सचिव ने उनकी मांग को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया और कहा कि वे 4 मई के बाद स्वयं उन्हें मुख्यमंत्री से मिलाएंगे। कर्मचारी संख्यावल के साथ आएं, ताकि मुख्यमंत्री को आपकी मांग और उसके पूरा ना होने के कारण हो रहे नुकसान से अवगत करवाया जा सके।
इस दौरान संगठन ने सरकार भर्ती व पदोन्नति नियमों (R&P rules) के अंतर्गत नियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता देने की मांग की है। प्रदेश अध्यक्ष मुनीष गर्ग और महासचिव अनिल सेन के अनुसार पिछले लंबे समय से कर्मचारियों ने वरिष्ठता की मांग को प्रदेश के हर मंच पर सैकड़ों बार उठाया है, लेकिन हर बार पूर्व सरकार से उन्हें केवल आश्वासन के सिवाय कुछ नहीं मिला।
चुनावों से पूर्व उपमुखमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कर्मचारियों को नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता देने का वादा किया था। कर्मचारियों को उम्मीद है कि सरकार जल्द ही प्रदेश के 70 हजार कर्मचारियों की इस मांग को जरूर पूरा करेगी।
संगठन के महासचिव अनिल सेन और वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय कुमार और प्रदेश प्रवक्ता विजय राणा के अनुसार 2008 में पहली बार भाजपा सरकार ने लोक सेवा आयोग, अधीनस्थ चयन बोर्ड द्वारा भर्ती व पदोनित नियमों के अंतर्गत नियुक्त कर्मचारियों को अनुबंध आधार पर नियुक्त किया। निश्चित वैधानिक प्रक्रिया को पूरा करने के बाद भी कमिशनपास कर्मचारियों को प्रदेश के इतिहास का सबसे लंबा अनुबंधकाल दिया गया।
प्रदेश उपाध्यक्ष एल आर कांटा के अनुसार उसके बाद आई सरकारों ने अनुबंध अबधि को कम किया, लेकिन कर्मचारियों को नियुक्ति की तिथि से अपना कर्मचारी नहीं माना। सरकार कर्मचारी के सेवा की गणना उनके नियमितीकरण से कर रही है, ना कि उनकी प्रथम नियुक्ति से।
सभी सदस्यों ने मांग की है कि सरकार अनुबंध नियमित कर्मचारियों को नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता की घोषणा करे और उनके अनुबंधकाल की सेवा को कुल सेवाकाल में जोड़ा जाये। प्रतिनिधिमंडल में अमर, मनोहर, विनोद, मोहित, अमित, रवि, मनोज, हेमदत्त, कुलदीप सकलानी, मोनिका, भुवनेश, तारा, अंकुश, हेतराम आदि सदस्य शामिल रहे।