शिमला : भाजपा ने नगर निगम चुनाव से पहले ही हार मान ली : किमटा
( words)

प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री रजनीश किमटा ने कहा है कि कांग्रेस की वचनबद्धता को देख कर भाजपा हताशा में है। भाजपा के पास शिमला शहर के विकास लिए न तो पहले कोई विज़न था और न आगे है। भाजपा ने शिमला नगर निगम चुनाव से पहले ही अपनी हार मान ली है, क्योंकि उसे लोगों का कोई भी समर्थन नहीं मिल रहा है। किमटा ने कांग्रेस के मेनिफेस्टो को शिमला शहर के लिए कांग्रेस का एक विज़न डॉक्यूमेंट बताते हुए कहा कि सुक्खू सरकार शिमला शहर व लोगों को मूलभूत सुविधाओं में विस्तार करते हुए असल में इसे स्मार्ट सिटी बनाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का कांग्रेस की वचनबद्धता पर सवाल उठाने का कोई हक़ नहीं है। किमटा ने कहा कि भाजपा नेताओं की आपसी खींचतान का खामियाजा शहर के लोगों को भुगतना पड़ा हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित नगर निगम ने अपने कार्यकाल में स्थानीय लोगों के लिए जो भी घोषणाएं की थीं, एक भी पूरी नहीं हुई। लोगों पर टैक्स थोपे गए, जबकि सुविधाओं के नाम पर उन्हें गुमराह किया जाता रहा। शिमला शहर में पेयजल आपूर्ति कभी नियमित नहीं हो पाई, जबकि इसके मूल्यों में बढ़ोतरी होती रही। नगर निगम अपना खजाना तो भरता रहा पर लोगों को कोई भी राहत नहीं दी गई।
किमटा ने भाजपा की घोषणाओं पर सवाल उठाते हुए कहा है कि सत्ता में रहते हुए भाजपा ने कोई ऐसा काम नहीं किया, जिससे वह लोगों से वोट मांग सके। अब भाजपा लोगों को झूठे सपने दिखाने का असफल प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों की तरह शिमला नगर निगम चुनावों में भाजपा को करारी हार का मुंह देखना पड़ेगा।