शिमला: शराब के नशे में धुत शिक्षक को किया सस्पेंड, एक महीने से शराब पीकर स्कूल आ रहा था टीचर
हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग ने रोहड़ू में एक शराबी जेबीटी को सस्पेंड कर दिया है। प्राइमरी स्कूल खोड़सू के जेबीटी हित्तू मच्छान पिछले कुछ दिनों से रोजाना शराब पीकर स्कूल रहा था। स्कूल प्रबंधन समिति की शिकायत पर एसडीएम रोहडू विजय वर्धन ने शुक्रवार 24 अक्टूबर को स्कूल का निरीक्षण किया तो उस दौरान भी टीचर शराब के नशे में धुत पाया गया था। स्कूल में नशे में धुत पाए जाने पर हित्तू मच्छान को मेडिकल के लिए सिविल अस्पताल लाया गया। मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि के बाद एसडीएम रोहडू ने शिक्षा विभाग से हित्तू मच्छान को सस्पेंड करने की सिफारिश की थी। इसके बाद डिप्टी डायरेक्टर शिमला ने सेंटर सिविल सर्विस क्लासिफिकेशन, कंट्रोल एंड अपील रूल्स 1965 के तहत जेबीटी को सस्पेंड कर दिया है। सस्पेंशन के बाद उसे मुख्यालय ब्लॉक एलिमेंट्री ऑफिस कुपवी शिमला में फिक्स किया गया है। जेबीटी हित्तू मच्छान अब ब्लॉक एलीमेंट्री एजुकेशन ऑफिसर की अनुमति के बगैर स्टेशन नहीं छोड़ पाएगा।
अभिभावकों का आरोप है कि, हित्तू मच्छान एक महीने से शराब पीकर स्कूल आ रहा था। नशे में धुत होने के कारण शिक्षक बच्चों को नहीं पढ़ा रहा था। टीचर की इस हरकत से तंग आकर एसएमसी प्रधान विनोद कुमार, सभी सदस्य, गांव की महिला मंडल, वार्ड मेंबर खेड़सू ने एक शिकायत पत्र शिक्षा विभाग और एसडीएम को देकर शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इस शिकायत के बाद एसडीएम रोहड़ू ने शिक्षा विभाग को एक पत्र लिखकर डिसीप्लिनरी एक्शन लेने की सिफारिश की थी। शिकायत में बताया गया था कि हित्तू मच्छान शराब का आदी हो गया है। इस वजह से स्कूल के कई बच्चे दूसरे स्कूल में शिफ्ट हो चुके हैं। अब शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई के बाद छात्रों ने राहत की सांस ली है।
