पति-पत्नी की इन जोड़ियां ने संभाला हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष पद

77 सालों के इतिहास में अब तक कांग्रेस को हिमाचल में 32 प्रदेश अध्यक्ष मिले हैं और 24 नेताओं ने ये पद संभाला है। दिलचस्प बात ये है कि इस फेहरिस्त में पति-पत्नी की दो जोड़ियां भी है। ये जोड़ियां है डॉ यशवंत सिंह परमार व सत्यवती डांग, और वीरभद्र सिंह व प्रतिभा सिंह की। इन चारों नेताओं ने पीसीसी अध्यक्ष का दायित्व संभाला है।
प्रथम मुख्यमंत्री डॉ यशवंत सिंह परमार 28 जुलाई 1948 को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पहले अध्यक्ष बने थे और कुल तीन मर्तबा इस पद पर रहे। वहीँ उनकी पत्नी सत्यवती डांग 18 जनवरी 1964 को पीसीसी अध्यक्ष बनी और 13 दिसंबर 1969 तक इस पद पर रही। हालांकि अध्यक्ष रहते वक्त उनका डॉ परमार के साथ विवाह नहीं हुआ था। राजनैतिक में साथ रहते दोनों के बीच प्रेम हुआ और साल 1974 में सत्यवती डांग, डॉक्टर परमार की दूसरी पत्नी बनी।
वहीँ आपातकाल के बाद कांग्रेस के बुरे दौर में 4 अक्टूबर 1977 को वीरभद्र सिंह पहली बार हिमाचल पीसीसी चीफ बने और कुल चार बार उन्होंने ये पद संभाला। वे इस पद पर सबसे ज्यादा बार रहने वाले व्यक्ति भी है। उनके निधन के बाद उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह भी 26 अप्रैल 2022 को पीसीसी चीफ बनी। इत्तेफ़ाक़ ये भी हैं कि प्रतिभा सिंह भी वीरभद्र सिंह की दूसरी पत्नी है।
इस जोड़ियों के बीच एक समानता और है। डॉ वाईएस परमार और वीरभद्र सिंह, दोनों नेता हिमाचल के मुख्यमंत्री भी रहे है। वहीँ सत्यवती डांग जहाँ राज्यसभा से संसद पहुंची, तो प्रतिभा सिंह तीन बार लोकसभा सांसद रही है।