देश के टॉप 25 अधिकारियों में सोलन के उपायुक्त मनमोहन शर्मा भी शामिल
सोलन के उपायुक्त मनमोहन शर्मा को देश की प्रतिष्ठित पत्रिका फेम इंडिया-एशिया पोस्ट द्वारा जारी ‘सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारी 2026’ सर्वेक्षण में देश के टॉप-25 जिला अधिकारियों में स्थान मिला है। यह उपलब्धि सोलन जिले के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है।
वर्ष 2013 बैच के आईएएस अधिकारी मनमोहन शर्मा को सर्वेक्षण में ‘कर्तव्यनिष्ठ’ श्रेणी में प्रमुख स्थान दिया गया। यह सर्वे उत्कृष्ट प्रशासनिक क्षमता, प्रभावी गवर्नेंस, नवाचार, संकट प्रबंधन, जनसंपर्क, जवाबदेही और विकासोन्मुख सोच सहित 10 प्रमुख मानकों के आधार पर किया गया।
उपायुक्त के रूप में उन्होंने सोलन में जन शिकायतों के त्वरित निपटारे, राजस्व प्रशासन को मजबूत करने, अतिक्रमण हटाने, सरकारी भूमि की सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। वहीं ‘नशा मुक्त हिमाचल’ अभियान के तहत एंटी चिट्टा अभियान को भी नई गति प्रदान की है।
मनमोहन शर्मा की जनकेंद्रित कार्यशैली और प्रगतिशील दृष्टिकोण को इस राष्ट्रीय सम्मान के रूप में बड़ी पहचान मिली है।
