सोलन : माहिया मेला जोहड़जी के आखिरी दिन भारी संख्या में पहुंचे पंजाब व हरियाणा के श्रद्धालु
कसौली विधानसभा क्षेत्र में पांच दिवसीय ऐतिहासिक माहिया मेला जोहड़जी का बुधवार को समापन हो गया। इस मेले में बाहरी राज्यों से सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शिरकत की। इसके चलते मेले के पांचों दिन लोगों की खूब भीड़ रही । बाबा के दर्शन के लिए लोगों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। कोरोना काल के बाद इस बार बड़े स्तर पर मेले का आयोजन हुआ है। बुधवार को मेले के अंतिम दिन भारी संख्या में लोगों ने बाबा गुरुजी के दर्शन किए और परिवार की सुख समृद्धि के लिए आशीर्वाद लिया। अंतिम दिन बाबा गुरुजी के दर्शन करने के लिए सुबह से ही गुरुद्वारा में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। पुरोहित बालमुकंद शर्मा व कृष्णदत्त शर्मा ने बताया कि मेले की खास बात यह है कि इसमें हिंदू और सिख दोनों समुदायों के लोग भारी संख्या में गुरुजी का आशीर्वाद लेने के लिए आते हैं। पहले यह मेला 16 दिन का होता था जो अब पांच दिन का रह गया है।
