प्रदेश सरकार ने 10 महीने में ही ले लिया 10300 करोड़ का लोन: बिंदल

-यही हाल रहा तो एक साल में 12000 करोड़ हो जाएगा आंकड़ा
-न गारंटियां पूरी की, न कोई विकास कार्य
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि कारण नंदा द्वारा लगाई आरटीआई में जानकारी मिली है कि 10 महीने में प्रदेश सरकार द्वारा 10300 करोड़ का कर्ज लिया गया है। इसके अलावा 1000 करोड़ का अन्य लोन है, जो नाबार्ड और अन्य संस्थाओं से लिया है। यदि ऐसा ही रहा तो 12 महीनों में यह लोन 12000 करोड़ का हो जाएंगे अर्थात प्रतिमाह 1000 करोड़ का लोन लिया जा रहा है, जिससे 5 वर्षों में यह लोन 60 हजार करोड़ हो जाएगा। हैरानी की बात यह है कि इस लोन से प्रदेश में कोई भी विकास कार्य नहीं हुआ है, न कोई संस्थान खोला गया और न ही कोई अन्य कार्य हुआ है। बिना किसी नए कार्य के यह लोन प्रदेश सरकार द्वारा लिया गया है।
लगभग 1500 संस्थानों को सरकार द्वारा बंद कर दिया गया, जिसमें स्कूल है, पटवार सर्कल, पीएचसी, सीएचसी और अन्य संस्थान भी शामिल है। सरकार द्वारा संस्थानों को बंद करने के लिए लोन लिया जा रहा है, कोई भी विकास कार्य नहीं हो रहे हैं।
बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने के लिए बहुत सारी लुभावनी गारंटियां दीं, जैसे 1500 रुपये महिलाओं को प्रतिमाह जिससे यह 18 हजार रुपये प्रति वर्ष बनता है। यह सारा पैसा 5 वर्षों में कुल 20 हजार करोड़ बनता है।
जब 2017 में प्रदेश में भाजपा की सरकार आई तब लोन था 49 हजार करोड़ और11 हजार करोड़ की देनदारियां उसके ऊपर थी, लेकिन सरकार ने नए संस्थान खोले और कई विकास कार्य भी किए, और आखिर में जब भाजपा की सरकार सत्ता छोड़ कर गई तब प्रदेश पर 76 हजार करोड़ कर्ज था।