हिमाचल के 6 खिलाड़ियों पर बरसेगा करोड़ों का इनाम, सीमा समेत कबड्डी खिलाड़ियों को 5.33 करोड़
जापान के आइची-नागोया में आयोजित 20वें एशियाई खेलों में हिमाचल का नाम रोशन करने वाले छह पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए प्रदेश सरकार ने 5.33 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि घोषित की है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर बधाई देते हुए यह घोषणा की।
भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्ण पदक जीत में हिमाचल की पुष्पा राणा, रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर शामिल रहीं। चारों खिलाड़ियों को 33.33-33.33 लाख रुपये दिए जाएंगे। यानी कबड्डी की इन चार खिलाड़ियों को कुल करीब 1.33 करोड़ रुपये मिलेंगे।
वहीं, मंडी के सावन बरवाल ने पुरुष मैराथन में रजत पदक हासिल किया। सरकार उन्हें 2.50 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देगी। चंबा की सीमा कुमारी ने महिलाओं की 10 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता, जिसके लिए उन्हें 1.50 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
सरकार के अनुसार पुरस्कार राशि हिमाचल प्रदेश स्पोर्ट्स काउंसिल कैश अवॉर्ड रूल्स-2024 के तहत दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और उपलब्धियां प्रदेश के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी। सरकार ने खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने और खेल पुरस्कार राशि बढ़ाने पर भी जोर दिया है।
