हिमाचल में कांग्रेस की हार पर होगा मंथन, फैक्ट फाइडिंग कमेटी टीम पहुंची शिमला
**दिल्ली से शिमला पहुंचा आलाकमान, पुनिया-पाटिल लेंगे नेताओं से फीडबैक
हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार पर आज और कल शिमला में मंथन होगा। कांग्रेस हाईकमान की ओर से गठित दो सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी शिमला पहुंच गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीएल पुनिया और रजनी पाटिल आज हिमाचल के सीएम सुखविंदर सुक्खू, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह और डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री के साथ पार्टी प्रत्याशियों, विधायकों, 2022 में विधानसभा चुनाव हारने वाले प्रत्याशियों, दो संसदीय क्षेत्रों के जिला और ब्लॉक अध्यक्षों से मुलाकात करेंगे। मंडी सीट से प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह और हमीरपुर से प्रत्याशी सतपाल रायजादा भी फैक्ट फाइंडिंग कमेटी के समक्ष अपनी हार के कारण बताएंगे। फैक्ट फाइंडिंग कमेटी ने मंडी-हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के लोकसभा प्रत्याशियों, विधायकों, जिला और ब्लॉक अध्यक्षों को आज शिमला बुलाया है। कल पहले हाफ में कांगड़ा और शिमला जिले के नेताओं को लंच के बाद राजीव भवन शिमला बुलाया गया है। इस दौरान समिति पार्टी नेताओं से हार के कारण पूछेगी और अपनी रिपोर्ट अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को सौंपेगी। दरअसल, प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस चारों सीटों पर लोकसभा चुनाव हारी है, जबकि कांग्रेस हाईकमान और इंडी गठबंधन को हिमाचल में सत्तारूढ़ कांग्रेस से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी। मगर कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई। नतीजा यह हुआ की छह बार के सीएम वीरभद्र सिंह के बेटे एवं लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह जैसे दिग्गज भी लोकसभा चुनाव हार गए। पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा की भी इन चुनाव में हार हुई है। यही नहीं मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू सहित उनके आठ मंत्री अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से पार्टी प्रत्याशी को लीड नहीं दिला सके। इससे कांग्रेस का हिमाचल में लगातार तीसरी बार क्लीन स्वीप हुआ है।
