उपचुनाव हो या अगला विधानसभा चुनाव, भाजपा ही जीतेगी: मार्कंडेय
प्रदेश सरकार में जनजातीय विकास मंत्री डॉ. रामलाल मार्कंडेय का दावा है कि प्रदेश में होने वाले चार उपचुनाव में बीजेपी ही जीत दर्ज करेगी। इसके साथ-साथ पार्टी अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में फिर से सत्ता में आएगी। उन्होंने विपक्ष यानी कांग्रेस काे करारा जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस के पास न तो नेता है और न नेतृत्व। पूर्व में जब कांग्रेस की सरकार थी तो मात्र परिवारवाद और भ्रष्टाचार काे बढ़ावा दिया गया। यहां तक कि बैकडोर एंट्री करवा कर चहेतों काे लाभ पहुंचाया। आज कांग्रेस जो भी आरोप लगा रही है वह पूरी तरह से तर्कहीन है। कांग्रेस काे अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। कांग्रेस चाहे चार्जशीट लाए चाहे मार्कशीट हमें उसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। फर्स्ट वर्डिक्ट मीडिया से बातचीत के दौरान डॉ. रामलाल मार्कंडेय ने विपक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया ...
सवाल: प्रदेश कांग्रेस सरकार के खिलाफ चार्जशीट तैयार कर रही है, इस पर आप क्या कहेंगे हैं?
जवाब: कांग्रेस की पुरानी आदत है कि वह अपनी नाकामियों काे छिपाने के लिए चार्जशीट लेकर आती है। हमें इससे काेई फर्क नहीं पड़ेगा। कारण यह है कि प्रदेश की जयराम सरकार ने पहले दिन से राज्य के हर क्षेत्र और हर वर्ग का विकास किया है। कांग्रेस आज विपक्ष में बैठी है तो उसके पास काेई भी नया एजेंडा नहीं है, इस कारण अब चार्जशीट काे हथियार बना रही है। कांग्रेस के नेताओं काे मालूम होना चाहिए कि उनके कार्यकाल में बैकडोर एंट्री, भ्रष्टाचार, अनियमितता और रिश्तेदारों काे नौकरी दी गई। बावजूद इसके अब हमारी स्वच्छ छवी वाली सरकार पर उंगली उठाने लगी है। प्रदेश की जनता बखूबी जानती है कि कांग्रेस हमेशा से ही भ्रष्टाचार में डूबी रहती है। कांग्रेस चार्जशीट लाए या फिर मार्कशीट हमें उससे काेई लेना-देना नहीं। कांग्रेस की पुरानी परंपरा रही है कि वह विपक्ष में रह कर सरकार के खिलाफ चार्जशीट लेकर आती है, जाे प्रदेश की जनता काे गुमराह करने वाली होती है। हमारी सरकार का काम है सिर्फ और सिर्फ विकास।
सवाल: प्रदेश में चार उपचुनाव के लिए सरकार-संगठन कितने तैयार है ?
जवाब: चार उपचुनाव होने हैं और बीजेपी सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगी। चाहे मंडी संसदीय सीट हो या फिर फतेहपुर, अर्की और जुब्बल-कोटखाई विधानसभा उपचुनाव, कांग्रेस कहीं पर भी स्टैंड नहीं कर पाएगी। कारण यही है कि कांग्रेस के पास न तो नेता है और न ही नेतृत्व। इसके साथ-साथ प्रदेश की जनता काे मालूम है कि जयराम सरकार ने हिमाचल का विकास किया है। हमारी सरकार ने पहले दिन से ही जनहित के पक्ष में फैसले लिए हैं। सरकार और संगठन की ओर से तैयारियां पूरी हैं, बस अधिसूचना का इंतजार रहेगा। मैं बार-बार यही कह रहा हूं कि उपचुनावाें में कांग्रेस काे मुंह की खानी पड़ेगी।
सवाल: अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। आप सरकार में मंत्री भी हैं, क्या जनता सरकार से खुश हैं?
जवाब: अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं और बीजेपी रिपीट करेगी। प्रदेश की जनता यही कह रही है कि एक बार कांग्रेस और एक बार भाजपा की परंपरा काे समाप्त कर दाे। ऐसे में साफ है कि अगले साल हम फिर से सत्ता में लौटेंगे। कांग्रेस वाले चाहे लाख कोशिश करें, उनकाे विपक्ष में ही रहना पड़ेगा। मैं आज नहीं, पूर्व में भी मंत्री रह चुका हूं और पूरे प्रदेश के विकास के लिए बात करता रहा हूं। विकास चाहे लाहौल का हो या फिर किन्नौर का, हमारी सरकार ने सभी क्षेत्रों काे एक सूत्र में बांध कर विकास कार्य किए हैं। प्रदेश में आईटी सेक्टर, जनजातीय विकास, कृषि समेत अन्य क्षेत्रों में मैंने सरकार के माध्यम से कार्य करवाए हैं। प्रदेश की जनता हमारी सरकार से खुश हैं। यही वजह है कि आने वाले उपचुनाव में बीजेपी की जीत तय है।
सवाल: रवि ठाकुर बार-बार आरोप लगा रहे हैं कि आपने क्षेत्र का विकास नहीं किया, क्या यह सही है?
जवाब: कांग्रेस के आरोपों से मैं डरने वाला नहीं हूं। लाहौल-स्पीति का विकास जाे इस सरकार में हुआ है वह कांग्रेस कार्यकाल से सौ गुणा अधिक है। ऐसे में रवि ठाकुर जाे मर्जी आरोप लगा ले उससे मुझे काेई लेना-देना नहीं है। हमारी जयराम सरकार ने तो विकास किया, लेकिन कांग्रेस राज में ताे लाेगाें काे बांटने का काम किया गया। पूर्व में जब कांग्रेस की सरकार थी तो लाहौल-स्पीति में विकास के नाम पर एक भी ईंट नहीं लगी। यहीं से अंदाजा लगाया जा सकता है कि कांग्रेस पूरी तरह से बौखला चुकी है। कांग्रेस जयराम सरकार द्वारा किये गए विकास कार्यों काे पचा नहीं पा रही है। हमने तो भारी बरसात, बर्फबारी और आपातकाल में भी विकास किया। रवि ठाकुर यह बताए कि उनकी सरकार थी तो यहां क्या-क्या किया।
सवाल: प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में विकास के लिए केंद्र से कितना सहयोग मिल रहा है?
जवाब: प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों का हर संभव विकास हो रहा है। केंद्र की मोदी सरकार से भी सहायता मिल रही है। उदाहरण के लिए रोहतांग टनल की बात करें तो यह मोदी सरकार की देन है। यदि देश में कांग्रेस की सरकार हाेती ताे यह सुरंग कभी नहीं बन पाती। किन्नौर, लाहौल-स्पीति, पांगी और भरमौर की जनता यही कह रही है कि पहले भी बीजेपी की सरकार हाेती ताे विकास और अधिक हाेता। यानी यहां की जनता पहले से ही कांग्रेस से दुखी हो चुकी है।