सोलन : स्वास्थ्य मंत्री के आदेश के बाद हटाए गए तुगलकी फरमान
अस्पताल की अव्यवस्थाओं कोई भी कर सकेगा उजागर
आशीष आजाद। साेलन
सोलन अस्पताल में पिछले दिनों फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करने से रोकने के लिए लगाए बोर्ड स्वास्थ्य मंत्री के कार्रवाई करने के बयान के बाद हटा दिए गए हैं। सोमवार सुबह सोलन अस्पताल ने जगह जगह लगाए गए यह बोर्ड सुबह सवेरे ही उतार दिए गए थे। गौरतलब है कि अस्पताल में सुविधाओं की कमी तो किसी से छिपी नहीं रही है, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने इस बीच ऐसे बोर्ड चेतावनी के रूप में अस्पताल की दीवारों पर जगह-जगह लगवा दिए, जिसमे फोटो और वीडियो अस्पताल परिसर में करने पर कार्रवाई के आदेश दिए गए थे।
रविवार को मीडिया को इस मामले बयान देते हुए स्वास्थय मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि ऐसे आदेश जारी करना बिल्कुल उचित नहीं है। इसलिए ऐसा करने वाले अधिकारी पर को कार्रवाई बनती है, उसके तहत कार्रवाई की जाएगी। इस बयान के अगले ही दिन सोलन अस्पताल से यह बोर्ड उतार दिए गए हैं। बोर्ड लगने के बाद से सोलन अस्पताल प्रशासन लोगों के निशाने पर आ गया था। इस फैसले की चारों ओर निंदा होने लगी थी। बोर्ड उतारे जाने के फैसले के बाद जनता ने स्वास्थ्य मंत्री की कार्रवाई की तारीफ की है।
आदेश पर क्या था कांग्रेस का रूख
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अमन सेठी ने भी इस फरमान पर आपत्ति जताते हुए कहा था कि यह सरासर तानाशाई है और अस्पताल की नाकामियों को छुपाने के लिए इस तरह के आदेश दिए गए थे। उन्होंने कहा की अस्पताल प्रशासन के इस फैसले पर स्वास्थ्य मंत्री संज्ञान नही लेते, तो कांग्रेस इसका बड़े स्तर पर विरोधी करेगी।
