साेलन : पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर का दो दिवसीय 31वां वार्षिक उत्सव संपन्न
फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन
पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर का दो दिवसीय 31वां वार्षिक उत्सव का आज समापन हाे गया। वार्षिक उत्सव-2022 के दो दिवसीय कार्यक्रमों की विभिन्न प्रस्तुतियां अति सुंदर, रचनात्मक, मनमोहक, साहसिक, अनुशासनात्मक एवं प्रेरणात्मक रहीं। समारोह के दूसरे दिन 21 अक्तूबर को बिग फील्ड ‘द अरीना’ में समारोह की अंतिम कड़ी का आयोजन किया गया। इस समारोह में परम विशिष्ट सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा पदक, भारत के माननीय राष्ट्रपति के एडीसी और भारतीय सशस्त्र बलों के कमांडर, लेफ्टिनेंट जनरल हरपाल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे । 21 अक्तूबर को सबसे पहले मुख्यातिथि द्वारा विद्यालय के संत स्टेडियम, जिसे हाल ही में सजावटी ग्रास बिछाकर सुसज्जित किया गया है, का लोकार्पण भी किया गया। इसके पश्चात वे विद्यालय में लगी कला, शिल्प, फोटोग्राफी और रोबोटिक्स प्रदर्शनी का दौरा करके ‘संत सिंह मेमोरियल स्पोर्ट्स केंद्र’ को देखने गए।
ठीक 11:30 बजे ‘द अरीना’ में कार्यक्रम प्रारंभ हुआ जिसमें 145 एनसीसी कैडेट्स ने विद्यालय ब्रास बैंड की धुनों पर कदम से कदम मिलाते हुए शानदार स्कूल परेड निकाली। इसके पश्चात विद्यालय के अपने स्टूडियो में फिल्माया विद्यालय के नवीन गीत का विमोचन हुआ। कार्यक्रमों की पंक्ति में अगली प्रस्तुति जिम्नास्टिक्स, स्कूल की वार्षिक उपलब्धियां, ब्रास बैंड आदि थीं। अंत में गरबा प्रस्तुत किया गया। नवरात्री के उपलक्ष्य में मं अंबा के मंदिर में सछिद्र घट में दीप ले जाने के क्रम में यह नृत्य होता है, जिसे ‘घाट दीप गर्भ’ का नाम दिया गया है।कालांतर में यही नाम ‘गरबा’ बन गया है। मुख्यातिथि नें अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनके सभीकार्यक्रमों व प्रयासों से उन्हें उनके स्कूल के दिन याद आ गए।
परेड की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसी अभिभूति हुई जैसे वे किसी सशस्त्र सेना के समक्ष खड़े हों। विद्यालय के हैड ऑफ़ कल्चरल अफेयर्स मिस्टर विशाल गौरी नें जानकारी दी कि इस दो दिवसीय समारोह के लिए सभी विद्यार्थियों एवं अध्यापकों ने दिन-रात एक करके खूब तैयारियां की, जिससे यह भव्य एवं सफल समारोह प्रस्तुत किया जा सका। विद्यालय के कार्यकारी निदेशक कैप्टन एजे सिंह नें सभी उपस्थित अधिकारियों एवं अभिभावकों को धन्यवाद किया। समारोह समाप्त होने के पश्चात सभी नें दोपहर भोजन का आनंद लेकर दीपावली अवकाश हेतु प्रस्थान किया।
