दाड़लाघाट : हर्षोल्लास से मनाया जा रहा दो दिवसीय दशहरा उत्सव
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट
ग्राम पंचायत व मेला कमेटी दाड़लाघाट द्वारा मनाया जाने वाला प्रसिद्ध दो दिवसीय दशहरा उत्सव इस वर्ष हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। पंचायत प्रधान बंसी राम भाटिया व मेला कमेटी के प्रधान वेद प्रकाश शुक्ला ने बताया कि 2 वर्ष के कोरोना काल पश्चात इस वर्ष असत्य पर सत्य की जीत का संदेश देने वाले दशहरा मेले को अधिक आकर्षक बनाया गया है। उत्सव के पहले दिन 4 अक्तूबर, 2022 को क्षेत्र के विभिन्न स्कूल के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक गतिविधियों की स्पर्धाएं आयोजित करवाई जाएगी, जिनमें प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, सोलो सॉन्ग, समूह गान तथा फोक डांस की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। विजेता उप विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। कबड्डी तथा वॉलीबॉल स्पर्धाओं हेतु हिमाचल तथा बाहरी राज्यों से आहूत की गई। प्रसिद्ध टीम्स अपने अपने खेल के जौहर दिखाएंगे। गौर हो कि इस बार वॉलीबॉल की विजेता टीम को 21000 तथा उपविजेता टीम को 15000 का पारितोषिक तथा आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
इसी प्रकार कबड्डी की विजेता टीम को 11000 तथा उपविजेता टीम को 8000 नकद तथा आकर्षक ट्राफियां प्रदान की जाएंगी। उत्सव के दूसरे दिन 5 अक्तूबर को वॉलीबॉल तथा कबड्डी के फाइनल मुकाबले व सांस्कृतिक व सुरमयी संध्या में वॉयस ऑफ पंजाब गौरव कौंडल,हिमाचल की आवाज श्रुति शर्मा, सीमा शुक्ला, सोमी शर्मा तथा मास्टर किशोर अपनी मधुर आवाज से लोगों का मनोरंजन करेंगे। कर्मा बैंड सुंदर नगर तथा चांदनी डांसर ग्रुप पालमपुर, एंकरिंग के मास्टर मिस्टर आयुष इनके साथ लोगों का भरपूर मनोरंजन करेंगे। इसके अतिरिक्त सरस्वती विद्या मंदिर के प्रांगण में रावण मेघनाथ कुंभकरण के पुतले भी उत्सव का विशेष आकर्षण रहेंगे। पंचायत प्रधान बंसी राम भाटिया व मेला कमेटी प्रधान वेद प्रकाश शुक्ला ने लोगों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में आकर मेले का लुत्फ उठाएं व बुराई पर अच्छाई की जीत की प्रेरणा देने वाले इस उत्सव को सफल बनाएं।
