ऊना: अपने साथ अन्याय होता देख बड़े-बड़े नेता कांग्रेस छोड़ रहे : अनुराग ठाकुर
( words)
** कहा, भारत जोड़ो न्याय यात्रा से किसको न्याय मिलेगा यह नहीं पता
** कांग्रेस के सहयोगी दल भी अब सीटें बांटने में हिचकिचा रहे
भारतीय जनता पार्टी की अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक में शामिल होने के लिए ऊना पहुंचे केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने पार्टी कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। वहीं, राहुल गांधी द्वारा शुरू की गई भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर कहा कि छत्तीसगढ़ व राजस्थान में कांग्रेस पार्टी की करारी हार के बाद कांग्रेस के सहयोगी दल भी अब कांग्रेस से सीटें बांटने में हिचकिचा रहे हैं। इस यात्रा से किसको कितना न्याय मिलेगा, यह तो पता नहीं, लेकिन इतना जरूर है कि अपने साथ होता अन्याय देख कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता कांग्रेस छोड़कर जा रहे हैं।
वहीं, राम मंदिर पर राजनीति करने वाले सवाल पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि ये वही लोग हैं जो राम मंदिर कब बनेगा, इसे लेकर तंज कसते थे, अब जब मंदिर बन गया है तो ये लोग इस पर भी राजनीति करने लगे हैं। वहीं, 'इंडिया' गठबंधन पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि डूबते जहाज पर कोई भी सवार नहीं होना चाहता। कांग्रेस तो डूब रही है, साथ ही इंडिया गठबंधन के लोगों को भी लेकर डूबने की तैयारी कर रही है।