पाइनग्रोव स्कूल में अंडर-19 गर्ल्स सॉकर टूर्नामेंट का हुआ समापन
पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर में 4 अक्टूबर से चल रहे आईपीएससी अंडर-19 गर्ल्स सॉकर टूर्नामेंट का फाइनल मैच शनिवार को मेयो कॉलेज गर्ल्स स्कूल-अजमेर और बिरला बालिका विद्यापीठ-पिलानी के मध्य खेला गया। फाइनल मैच के अवसर पर 14 जीटीसी सुबाथू से ब्रिगेडियर राकेश सिंह राणा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मैच के 13वें मिनट में बिरला बालिका विद्यापीठ-पिलानी की खिलाड़ी आकृति नें चकमा देते हुए गोल कर दिया एवं अपनी टीम का हौसला बढ़ाया। इसके पश्चात मुकाबला ज़ारी रहा एवं टीम की दिशा कश्यप ने भी 16वें मिनट में गोल करके टीम को 2-0 की बढ़त पर लाया। वहीं आकृति ने 28वें मिनट में फिर से अपने खाते का दूसरा एवं टीम का तीसरा गोल करके बिरला बालिका विद्यापीठ-पिलानी को 3-0 से आगे कर दिया। मध्याहन् के पश्चात आकृति और दिशा के खेल से उत्साहित बिरला बालिका विद्यापीठ-पिलानी की रितुल राज नें भी 47 वें मिनट में अपने खाते का पहला गोल कर बिरला बालिका विद्यापीठ-पिलानी को 4-0 की बढ़त पर पहुँचा दिया। सैकेंड हाफ के मैच के 50वें मिनट में हरफनमौला खिलाड़ी आकृति नें पैनेल्टी को गोल में तब्दील करके अपनी टीम को 5-0 पर पहुँचा दिया। इसी के साथ बिरला बालिका विद्यापीठ-पिलानी नें इस मैच पर 5-0 से जीत हासिल कर आईपीएससी अंडर-19 गर्ल्स सॉकर टूर्नामेंट 2022 के चैम्पियन का ख़िताब अपने नाम किया। बिरला बालिका विद्यापीठ-पिलानी की रितुल राज को ‘प्लेयर ऑफ़ द मैच’ का खिताब दिया गया। इसके पश्चात पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित किया गया । मुख्य अतिथि द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीम्स को ट्रॉफी, मोमेंटोस एवं प्रमाण पत्र दिए गए। बिरला बालिका विद्यापीठ-पिलानी की रितुल राज को “बैस्ट मिड फील्डर’, मेयो कॉलेज गर्ल्स स्कूल-अजमेर की दीक्षा को ‘बैस्ट डिफेंडर’, बिरला बालिका विद्यापीठ-पिलानी की शिवानी कुमारी को ‘बैस्ट गोल कीपर’, द लॉरेंस स्कूल सनावर की अनन्या गोयल को ‘हाइएस्ट स्कोरर’ और पाइनग्रोव स्कूल की सुबेक्षा को ‘अपकमिंग प्लेयर ऑफ़ दि टूर्नामेंट’ के खिताब से नवाज़ा गया ।
