कशमली गांव में गहराया जलसंकट, 4 दिन से पीने को भी नहीं मिल रहा पानी
आज जहां सरकार हर घर बिजली व पानी पहुंचाने का ढिंढोरा पीटते नहीं हटती, वहीं आज कई ऐसे भी गांव हैं जो अभी भी इन समस्याओं से जुठ रहे हैं। विकास खंड कुनिहार की ग्राम पंचायत सरयांज के कशमली गांव के ग्रामीण आज भी पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। बता दें कि आज तक इस गांव में कभी पानी की पूरी तरह से सुविधा नहीं पहुंच पाई हैं। वहीं अब यहां पिछले 4 दिनों से पानी नहीं आ रहा हैं। समस्या इतनी गंभीर हैं की लोगों के खाना बनाने व पीने तक के लिए पानी नहीं है। ग्रामीणों का कहना है की 4 दिनों से न तो लिफ्ट का पानी आ रहा है और न ही अन्य स्त्रोतों से।
ग्रामवासियों का कहना है कि पानी का सबसे निकटतम स्त्रोत लगभग एक किलोमीटर दूर है। यहां से पानी पैदल ढो कर लाना पड़ता है, जिससे गांव वालों को बहुत ही परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव वालों का कहना है कि गांव में लोग वोट मांगने आते हैं और उनसे वादा करते हैं कि हम पानी की पूरी सुविधाएं पहुंचाएंगे लेकिन बाद में सभी अपने किए गए वादों से मुकर जाते हैं।
इस बात की पुष्टि करते हुए गांव के युवा समाजसेवी कमलेश ठाकुर ने कहा कि इस जलसंकट क कारण गांव के बच्चों को बहुत सी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें पढ़ने के लिए भी सही समय नहीं मिल रहा है क्योंकि उनका आधा दिन तो पानी ढोने में ही लग जाता है। उन्होंने सरकार से वह प्रशासन से विनती की है कि इस समस्या का जल्द से जल्द कोई समाधान निकाला जाए ताकि भविष्य में हमें इस प्रकार की समस्याओं का सामना न करना पड़े।
