उद्योग विभाग ने सौंपा लघु उद्योग भारती को बददी में कार्यालय, विकास में साबित होगा मील का पत्थर
भारत के सबसे बड़े औद्योगिक संगठन लघु उद्योग भारती को हिमाचल प्रदेश में अपना कार्यालय नसीब हो गया है। एक दशक के लंबे संघर्ष के बाद लघु उद्योग भारती को बददी डीआईसी इंडस्ट्रियल एरिया में स्वर्ण जयंती चौक पर यह कार्यालय प्रदेश सरकार व उद्योग विभाग के सहयोग से प्राप्त हुआ है। गुरुवार को लघु उद्योग भारती के प्रांतीय अध्यक्ष राजीव कंसल की अगुआई में संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल उद्योग विभाग बद्दी के कार्यालय में जाकर उप निदेशक संजय कंवर से भेंट की जिन्होने लघु उद्योग भारती ऑफि़स की चाबी पदाधिकारियों को सौंपी।
उपनिदेशक ने कहा कि उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर ने सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों के विकास के कारण पिछले वर्ष ही इसे लघु उद्योग भारती को देने की घोषणा की थी, लेकिन कोरोना महामारी के कारण इसमें देरी हुई। उन्होंने कहा कि एमएसएमई सैक्टर के विकास में लघु उद्योग भारती का अहम रोल है और संगठन ने सरकार की नीतियों का पूरे प्रदेश में प्रचार प्रसार किया है, जिससे रोजगार का सृजन हुआ है। नए कार्यालय की चाबी ग्रहण करने के बाद प्रदेशाध्यक्ष राजीव कंसल ने कहा की लघु उद्योग भारती की बर्षों पुरानी मांग आज पूरी हुई है जिसके लिये हम मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, उद्योग एवं श्रम रोजगार मंत्री विक्रम ठाकुर , निदेशक हंस राज शर्मा, उप निदेशक संजय कंवर के आभारी रहेंगे। उन्होंने लघु उद्यमियों को बधाई देते हुए आश्वस्त किया की जल्दी ही ऑफि़स को तैयार कर उद्योग मंत्री द्वारा इसका उदघाटन करा दिया जाएगा।
इस मौके पर लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष राजीव कंसल, प्रदेश सह-सचिव अनिल मलिक, संगठन सचिव रमेश राणा ,फार्मा विंग के संयोजक चिरंजीव ठाकुर, सह संयोजक देवेंद्र राणा, बददी इकाई के अध्यक्ष रामकृष्ण शर्मा, महासचिव सनी गर्ग, कैशियर वेद प्रकाश मिश्रा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। प्रदेशाध्यक्ष राजीव कंसल ने बताया कि इस कार्यालय में उद्योग विभाग की समस्त नीतियों की जानकारियां हमारा कार्यालय सचिव निशुल्क देगा और यहां पर एक रोजगार सेवा केंद्र भी चलाया जाएगा। इसके अलावा जो भी बेरोजगार युवा अपना सूक्ष्म एवं लघु उद्योग चलाना चाहता है उसको भी निशुल्क गाईडैंस प्रदान की जाएगी ताकि वो अपना स्वरोजगारशुरु कर सके।
