ज्वालामुखी में ‘एक बूथ-10 यूथ जोड़ो’ अभियान चलाएगी युवा कांग्रेस : नीरज शर्मा
प्रदेश युवा कांग्रेस के पूर्व महामंत्री एवं नगर परिषद ज्वालामुखी के नवनियुक्त पार्षद नीरज शर्मा ने कहा कि विधायक संजय रतन के निर्देशानुसार अगले एक माह में ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के 102 बूथों पर ‘एक बूथ-10 यूथ जोड़ो’ अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े मेहनती और समर्पित युवाओं को संगठन से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने बताया कि युवा कांग्रेस की टीम प्रत्येक बूथ पर पहुंचकर सक्रिय युवाओं की पहचान करेगी और उन्हें संगठन में जिम्मेदारियां देने के लिए सूची तैयार करेगी। नीरज शर्मा ने कहा कि विधायक संजय रतन ने क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और सड़क जैसी सुविधाओं के विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं। साथ ही उन्होंने भाजपा पर विकास कार्यों को लेकर दुष्प्रचार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि युवा कांग्रेस कार्यकर्ता इसका मजबूती से जवाब देंगे।
