राज्यपाल ने किया एम्स निर्माणाधीन स्थल का दौरा

राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने बिलासपुर जिले के अंतर्गत कोठीपुरा में निर्माणाधीन अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान स्थल का दौरा किया और वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, कन्या में जाकर बच्चों से बातचीत की। बाला स्कूल की छात्राओं ने अपने कई सवाल राज्यपाल से किए और अपने जिज्ञासा को शांत किया। राज्यपाल ने भी बच्चों से देशप्रेम, उनके शौक, पढ़ाई से संबंधित अनेक प्रश्न किए। उन्होंने बच्चों से सुबह जल्दी उठकर योगा करना, व्यायाम करना और शरीर को स्वस्थ रखने की शिक्षा दी। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई के साथ-साथ स्कूल की अन्य गतिविधियों में भाग लेने के लिये प्रेरित किया ताकि उनका समग्र विकास हो सके। राज्यपाल ने कहा कि आज देश मे हर क्षेत्र में लड़कियां अच्छा प्रदर्शन कर रही है और शिक्षा संस्थानों में ज्यादातर पदक लड़कियां हासिल कर रही है। उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि हम नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाएं और राष्ट्र के लिये हमेशा अपना योगदान दें। राज्यपाल ने एक संदर्भ में कहा कि चाँद पर जाने वाले पहले व्यक्ति यूरी गागरिन एक बार हैदराबाद आये और रूसी भाषा में अपना भाषण दिया, जबकि वह अंग्रेजी जानते थे। लेकिन उन्हें अपनी मातृभाषा से प्रेम था। यही जज्बा हम में भी होना चाहिये और हमें गर्व महसूस करना चाहिये। दत्तात्रेय ने बच्चों से महात्मा गांधी, डॉ भीम राव अम्बेडकर और पूर्व राष्ट्रपति डॉ एपीजे. अब्दुल कलाम के बारे में प्रश्न किये। उन्होंने कहा कि वह लोग गरीब परिवारों से थे और उन्होंने महान कार्य किए। उच्च मूल्यों को अपनाकर मेहनत से जीवन की हर ऊंचाईंयों को हासिल किया जा सकता। इसमें गरीबी कभी बाधा नहीं बन सकती। ज्ञान ही वह शक्ति है जो कभी नष्ट नहीं होती। धनदौलत तो कभी भी खत्म हो सकती है। उन्होंने स्कूल के प्रधानाचार्य को निर्देश दिये कि बच्चों को पूछें कि वह जीवन में क्या बनना चाहते है और उनकी इच्छा के अनुरूप सहयोग करें। उन्होंने बच्चों को कंप्यूटर में दक्षता हासिल करने के लिये ज्ञान हासिल करने को कहा। उन्होंने स्कूल को 15 कंप्यूटर देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कंप्यूटर की शिक्षा रोजगार दे सकती है। राज्यपाल ने स्कूल परिसर में लौंग का पौधा भी रोपा।
उपनिदेशक उच्च शिक्षा अमर सिंह ठाकुर, उपनिदेशक सुदर्शन, स्कूल के प्रधानाचार्य सुरेंदर चढ्डा ने राज्यपाल का स्कूल आगमन पर स्वागत किया। इससे पूर्व, राज्यपाल ने जिला के झंडूता तहसील के अंतर्गत विजयपुर गांव जाकर डॉ. नारायण लाल नड्डा से उनके आवास पर भेंट की। डॉ. नड्डा भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के पिता हैं और रांची विश्वविद्यालय, बिहार के पूर्व कुलपति रहे है। उन्होंने कई पुस्तकें लिखी है। उनसे भेंट के बाद, राज्यपाल ने कहा कि करीब 95 वर्ष के नड्डा से भेंट काफी यादगार रही। वह बहुत दृढ़, समर्पित और शारीरिक रूप से फिट है, जो अन्यों के लिये प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि इस उम्र में जहां लोग जीवन से हार जाते हैं वहीं नड्डा लेखन से लेकर अन्य गतिविधियों युवाओं की तरह कर रहे है, जो उनकी सकारात्मक सोच को दर्शाता है। इस अवसर पर डॉ. नड्डा ने राज्यपाल को उनके द्वारा लिखी पुस्तक श्विधि की एक रचना भेंट की और बिलासपुर आगमन पर उनका स्वागत किया। विजयपुर पहुंचने पर झंडूता के विधायक जे.आर. कटवाल ने राज्यपाल का स्वागत किया।