केंद्र सरकार ने देश को पिछले छह वर्षो में गिरवी रखा : रामलाल ठाकुर

पूर्व मंत्री व विधायक श्री नैना देवी जी विधानसभा क्षेत्र राम लाल ठाकुर ने ग्राम पंचायत टरवाड़ के गांव भारसड़ा, ग्राम पंचायत नकराणा के कोठी हरियाला, स्वाणा, ग्राम पंचायत खरकड़ी में जनता की समस्याओं को सुना। इस मौके पर उन्होंने एक बार फिर केंद्र सरकार की नीतियों पर जमकर कुठाराघात भी किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार ने देश को पिछले छह वर्षो में गिरवी रख दिया है। राम लाल ठाकुर ने कहा कि की देश की आर्थिक देनदारी वर्ष 1947 से वर्ष 2014 तक 50 लाख करोड़ की थी लेकिन जबसे भाजपा की सरकार केंद्र में बनी है वर्ष 2014 से अब तक 85 लाख करोड़ की देश की देनदारी हो चुकी है, अगर तुलात्मक अध्ययन किया जाए तो महज छह वर्षो में वर्ष 2014 से वर्ष 2020 जनवरी तक 35 लाख करोड़ की देनदारी देश की हो चुकी है। अब यह 35 लाख करोड़ की जो देनदारी अब केंद्र सरकार ने खड़ी की है वह बताए कि देश में ऐसे कौन से काम किये गए जिनमें 35 लाख करोड़ रुपये खर्च किए गए हो। देश में इन 35 लाख करोड़ रुपयों से कौन सा उत्पादन किया गया जिसमें देश के युवाओं को रोजगार मिला हो। राम लाल ठाकुर ने कहा देश केवल लच्छेदार भाषणों से नहीं चलता और देश न ही जातीय भेदभाव बढ़ा कर चलता है और न ही देश बड़ी बड़ी मूर्तियों को स्थापित करके चलता है, देश चलता है किसानों की समृद्धि से, देश चलता है युवाओं को रोजगार देकर, देश चलता एक समान औद्योगिक नीतियां बना कर। इस अवसर पर जिला परिषद के अध्यक्ष अमरजीत सिंह बंगा, यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव चमेल सिंह ठाकुर, ग्राम पंचायत खरकड़ी के प्रधान अशोक ठाकुर, ग्राम पंचायत टरवाड़ की प्रधान शकुंतला देवी, नारायण सिंह, मक्खन लाल, महिला मंडल भारसड़ा की सभी सदस्य, ग्राम पंचायत नकराणा के उप प्रधान मस्त राम ठाकुर, गीताराम, श्याम लाल चौहान, आदि गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।