नडडा बिलासपुर में फहराएंगे राष्ट्रीय ध्वज
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा शुक्रवार सुबह अपने गृह जिला बिलासपुर में पहुंचेंगे। सुन्हाणी हैलीपैड पर भाजपा कार्यकर्ता उनका गर्मजोशी से स्वागत करेंगे। इसके बाद वह झंडूता में मंडल भाजपा द्वारा आयोजित किए जाने वाले अभिनंदन समारोह में भाग लेने के साथ ही राष्ट्रीय ध्वज भी फहराएंगे। भाजपा नेता स्वदेश ठाकुर ने बताया कि जगत प्रकाश नड्डा शुक्रवार सुबह 10.15 बजे शिमला से हेलीकाॅप्टर से रवाना होंगे। सुबह 10.35 बजे उनका हेलीकाॅप्टर झंडूता विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सुन्हाणी हैलीपैड पर लैंड करेगा। हैलीपैड पर ही स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता उनका गर्मजोशी से स्वागत करेंगे। 10.50 बजे श्री नड्डा सुन्हाणी से गाड़ी के माध्यम से रवाना होकर 11.15 बजे झंडूता में पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पहुंचेंगे। झंडूता में वह ध्वजारोहण कार्यक्रम में भाग लेने के साथ ही झंडूता मंडल भाजपा द्वारा आयोजित किए जाने वाले अभिनंदन समारोह में भी भाग लेंगे। दोपहर ढाई बजे नड्डा झंडूता से विजयपुर स्थित अपने घर के लिए रवाना हो जाएंगे, जहां 29 फरवरी को उनके बेटे गिरीश नड्डा की शादी का रिसेप्शन समारोह होगा।
