नहीं रहे प्रसिद्ध रंगकर्मी व बॉलीवुड कलाकार संजय हंस
( words)
बिलासपुर नगर के डियारा सेक्टर में रहने वाले प्रसिद्ध रंगकर्मी व बॉलीवुड कलाकार संजय हंस का बीती रात हृदय गति रूक जाने के कारण निधन हो गया। वे करीब 52 वर्ष के थे। रंगमंच तथा हर सांस्कृतिक मंच पर अपनी अनूठी छाप रखने वाले संजय हंस का नाम उत्तरी भारत में शिद्दत से लिया जाता था। अविवाहित संजय हंस वर्तमान में डैहर में अपनी सेवाएं दे रहे थे। बताया जाता है कि कल रात उनकी छाती में दर्द उठा तथा उन्हें बरमाणा लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें बिलासपुर रैफर कर दिया। बताया जाता है कि तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बिलासपुर के ही नहीं अपितु पूरे प्रदेश में संजय हंस अपनी कला की अमिट पहचान बना चुके हैं। इस हृदयविदारक घटना से समूचे कला जगत को बड़ा आघातपहुंचा है। सुरीले गायक और मंझे हुए कलाकार संजय हंस ने सैंकड़ों नवोदित कलाकारों को कला की बारीकियां सिखाई है। कई स्कूलों में उन्होंने बतौर ट्रेनर बच्चों को शिक्षा दी है।
दिल्ली दूरदर्शन पर बहुचर्चित बच्चों के धारावाहिक टर्रमटू में उन्होंने अहम किरदार निभाया है। इसके अलावा अनगिनत प्ले, जागरण व उत्सवों में लोगों का मनोरंजन कर चुके हैं। वहीं श्री राम नाटक समिति बिलासपुर के अध्यक्ष नरेंद्र पंडित ने संजय हंस के निधन पर कला जगत के लिए बहुत बड़ा धक्का बताते हुए दिवंगत की आत्मा की शांति की कामना ईश्वर से की है।