कांगड़ा : नंदरूल-जयंती माता मार्ग पर शराब पीने वालों व प्रेमी जोड़ों पर होगी कार्रवाई
कांगड़ा के साथ लगती पंचायत नंदरुल के उप प्रधान संजीव कुमार ने कहा कि पिछले कुछ समय से नंदरूल, खरठी, राजल और जयंती माता मार्ग पर कुछ लोग शराब पीते देखे गए हैं। वहीँ, प्रेमी जोड़े भी कई बार यहां बैठे देखे गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई भी यहां पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलता है तो उसे पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नंदरूल-जयंती माता मार्ग पर कई बार प्रेमी जोड़े अपनी ही रास लीला में बैठे रहते हैं, जिससे वहां पर गुजरने वाले लोगों का सिर शर्म से झुक जाता है। वहीं शराबियों का जमघट भी यहां पर लगा रहता है] जिससे युवाओं, छोटे बच्चों पर विपरीत असर पड़ता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि यहां पर समय-समय पर गश्त लगाई जाए। इस बारे पुलिस प्रशासन को अवगत भी करवा दिया है। उन्होंने सभी गांववासियों से अपील की है कि अगर कोई ऐसा या संदिग्ध व्यक्ति यहां पाया जाता है तो वे उन्हें या पंचायत कार्यालय में सूचित करें, ताकि उन पर कार्रवाई की जा सके।
