हिमाचल: 5 से 11 अप्रैल तक 108 और 102 एंबुलेंस कर्मी हड़ताल पर, मरीजों को होगी परेशानी
हिमाचल प्रदेश में कल से आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है। राज्य स्तरीय एंबुलेंस कॉन्ट्रैक्ट यूनियन ने हड़ताल की चेतावनी दी है। 5 अप्रैल शाम 8 बजे से 11 अप्रैल सुबह 8 बजे तक 108 और 102 एंबुलेंस कर्मी हड़ताल पर रहेंगे, जिससे मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। इस दौरान 6 से 10 अप्रैल तक शिमला में एंबुलेंस कर्मियों द्वारा 120 घंटे का दिन-रात महापड़ाव भी किया जाएगा। यह हड़ताल सीटू के आह्वान पर बुलाई गई है।
कर्मचारियों का कहना है कि उनकी प्रमुख मांगों न्यूनतम वेतन, नौकरी की सुरक्षा और बकाया भुगतान पर अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। यूनियन के महासचिव बालकराम के अनुसार, यह कदम मजबूरी में उठाया गया है और इसकी सूचना सरकार को 14 दिन पहले ही दे दी गई थी। यूनियन ने यह भी आरोप लगाया कि कंपनी ने करीब 50 कर्मचारियों को बिना ठोस कारण नौकरी से निकाल दिया है। साथ ही, कर्मचारियों को मानसिक और प्रशासनिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है और वेतन संबंधी समस्याएं भी बनी हुई हैं। यूनियन का दावा है कि हड़ताल का नोटिस देने के बावजूद सरकार और कंपनी की ओर से बातचीत की कोई पहल नहीं की गई, जिसके चलते उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।
