बिलासपुर : फिएस्टा पैराग्लाइडिंग चैंपियनशिप का स्वास्थ्य मंत्री डॉ धनी राम शांडिल ने किया शुभांरभ
( words)

सुनील/बिलासपुर: बिलासपुर में पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तरीय पैराग्लाइडिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन जिला प्रशासन बिलासपुर एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इस चार दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार को प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, सैनिक कल्याण मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने किया। इस अवसर पर तकनीकी की शिक्षा मंत्री राजेश धर्मानीपूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर, पूर्व विधायक तिलक राज, उपायुक्त बिलासपुर आबिद हुसैन सादिक, एटीडीओ (ATDO) रितेश पटियाल एवं पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के विभिन्न सदस्य— पुनीत चंदे, विशाल, अतुल खजुरिया, मनोज शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। मंत्री धनीराम शांडिल ने जानकारी दी कि बिलासपुर की बंदला धार स्थित पैराग्लाइडिंग साइट को एक्रोबेटिक उड़ानों के लिए सबसे उत्तम माना जाता है। यह प्रतियोगिता 23 मार्च से 27 मार्च तक चलेगी, जिसमें अब तक 6 देशों के पैराग्लाइडर्स सहित 70 से अधिक प्रतिभागी रजिस्टर कर चुके हैं। इनमें कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मास्टर पैराग्लाइडर्स, पेशेवर खिलाड़ी एवं विभिन्न सुरक्षा बलों के सदस्य शामिल हैं। मंत्री ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के आयोजन से बिलासपुर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिलेगी। साथ ही, यह आयोजन स्थानीय पर्यटन को भी बढ़ावा देगा, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी और युवाओं को नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य बिलासपुर को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है। इस दिशा में सरकार पहले ही गोविंद सागर झील में वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का शुभारंभ कर चुकी है और जल्द ही कोलडैम में भी एडवेंचर स्पोर्ट्स गतिविधियां शुरू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं और इससे बिलासपुर के पर्यटन को नई गति मिलेगी। इस आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों और पर्यटन उद्योग से जुड़े व्यक्तियों में उत्साह देखा जा रहा है। प्रशासन का मानना है कि इस प्रतियोगिता से बिलासपुर में एडवेंचर टूरिज्म को नई गति मिलेगी और राज्य की पर्यटन नीति को मजबूती मिलेगी। प्रतियोगिता के सुचारू आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया गया है, और मेडिकल टीम, रेस्क्यू टीमें व अन्य व्यवस्थाएं तैनात की गई हैं।
बता दे कि बिलासपुर में पहली बार इतनी बड़ी अंतरराष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। इससे पहले प्रदेश में बीर-बिलिंग को पैराग्लाइडिंग के लिए जाना जाता था, लेकिन अब बंदला धार भी विश्वस्तरीय पैराग्लाइडिंग साइट के रूप में उभर रही है। इस चैंपियनशिप के माध्यम से बिलासपुर को पर्यटन के वैश्विक नक्शे पर स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।