जमीनी हकीकत से कोसों दूर कांग्रेस अध्यक्ष मार रहे झूठी शेख़ी: भाजपा
पंचायती राज व स्थानीय नगर निकायों के चुनाव परिणामों की ज़मीनी हक़ीक़त से कोसों दूर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौड़ झूठी शेख़ी मार रहे हैं। हमीरपुर से ज़ारी सयुंक्त प्रेस विज्ञप्ति में भाजपा जिलाध्यक्ष बलदेव शर्मा, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी नरेन्दर अत्रि, ज़िला उपाध्यक्ष अनिल कौशल, राज कुमार वर्मा, जिला मीडिया प्रभारी अंकुश दत्त शर्मा और कोषाध्यक्ष तेज प्रकाश चोपड़ा ने यह आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा और केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट अफ़ेयर्स राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर की गृह पंचायतों में कांग्रेस पार्टी को पंच से लेकर प्रधान पद तक कोई उम्मीदवार तक भी नहीं मिल सका, उस पर कांग्रेस अध्यक्ष का बयान कि भाजपा के दोनों बड़े नेताओं की पंचायतों में कांग्रेस के लोग जीते हैं, स्वयं कांग्रेस अध्यक्ष के झूठ को उजागर करने वाला है।
भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा की गृह पंचायत में पंचायत का पूरे का पूरा पैनल निर्विरोध चुन के आया है और सभी भाजपा समर्थित लोग चुने गए हैं। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की गृह पंचायत समीरपुर में भी पंच से लेकर प्रधान तक सारा पैनल भाजपा समर्थित चुन कर आया है। हालांकि इन लोगों ने चुनाव जीता है लेकिन चुनाव में खड़े अन्य प्रत्याशी भी भाजपा के ही लोग थे। कांग्रेस के पास तो इन दोनों ही पंचायतों में चुनावों में देने को उम्मीदवार भी नहीं मिले। कुलदीप राठौड़ और कुलदीप पठानिया को बयानबाजी करते समय तथ्य जान लेने चाहिए तभी कुछ बोलना चाहिए अन्यथा यह अपनी और अपने पद की गरिमा को भी हंसी का पात्र बनाकर दोनों को ठेस पहुंचाते हैं।