डाडासीबा : पीड़ित परिवार के घर जाकर दी सहायता राशि
पूर्व सैनिक परिचालक वर्ग हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की संस्था ने सोमवार को गांव बह ढौंटा में साथी परिचालक के पीड़ित परिवार को 82 हजार 150 रुपये की आर्थिक मदद दी। यह आर्थिक मदद समस्त संस्था के सहयोग से संघ के प्रदेशाध्यक्ष राजेंद्र सिंह कौशल व संघ के उपनिदेशक संजय कुमार ने पीड़ित परिवार के घर जाकर मृतक मनजीत सिंह की पत्नी शैलजा को दी।
गौरतलब है कि ब्लाक परागपुर की ग्राम पंचायत बह ढौंटा के मनजीत सिंह पुत्र लेट शमशेर सिंह की 20 अप्रैल को देहरा-होशियारपुर रूट पर अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। अधिकारियों ने उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल कर दिया था, लेकिन 22 अप्रैल को डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। मनजीत सिंह अपने पीछे 14 वर्ष की बेटी पायल चौहान, 18 वर्ष का बेटा अनु चौहान, पत्नी शैलजा व 70 वर्षीय माता को छोड़ गए हैं।
