देहरा : कहां हैं वे नेता, जो कहते थे देहरा के लिए लड़ते रहेंगे : वरुण
भाजपा नेता एवं देहरा से समाजसेवी वरुण कुमार का कहना है कि चुनाव से पहले देहरा के विकास के दावे करने वाले सभी नेताओं से सवाल करने का समय आ गया है। चुनाव के समय हर कोई खुद को देहरा हितैशी बता रहा था। साथ ही दावा कर रहा था कि उनके पास देहरा के विकास को लेकर दृष्टकोण है। लेकिन अब कोई नजर नहीं आ रहा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नई सरकार बनने के बाद देहरा में विकास कार्य लगभग रुक से गए हैं।
विधानसभा चुनाव में सबसे युवा प्रत्याशी रहे 26 साल के वरुण बुधवार को नेहरन पुखर में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय बड़ मुद्दा रहे नंदनाला पुल का काम काफी समय से बंद पड़ा है। साथ ही देहरा में शुरू हुआ बस स्टैंड भवन का काम भी अब रुका पड़ा है। देहरा के सिविल अस्पताल में काफी समय से कई डाक्टरों के पद खाली हैं। लेकिन अब उनके सिवा कोई और इन मामलों पर बोलने को तैयार नहीं हैं, जबकि चुनाव के समय इन लोगों ने दावा किया था कि वे चाहे हारे या जीतें देहरा के लिए लड़ते रहेंगे।
