हिमाचल: पांवटा यमुनाघाट में 2 सगे भाइयों सहित 3 युवक डू*बे, सर्च ऑप्रेशन जारी
सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में तीन लड़के यमुना नदी में डू*ब गए। पांवटा साहिब के यमुना घाट के पास पहले एक लड़का नहाने के लिए नदी में उतरा। उसे बचाने के लिए दो सगे भाई नदी में उतर गए और तीनों पानी के तेज बहाव में बह गए। यह हादसा मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे पेश आया। मगर अब तक तीनों लड़कों का सुराग नहीं मिल पाया है। स्थानीय प्रशासन ने इनकी तलाश के लिए गोताखोर बुलाए हैं। यमुना घाट के आसपास निरंतर पानी में डुबकी लगाकर लापता लड़कों की तलाश जारी हैं। तीनों लड़के शिलाई क्षेत्र के हैं। बताया जा रहा कि तीनों लड़के शिलाई के ग्वाली गांव अपने कुल देवता के स्नान के लिए हरिद्वार गए हुए थे। गांव के काफी संख्या में लोग भी देवता के साथ हरिद्वार गए थे। बीती शाम को ही ये लोग पांवटा साहिब पहुंचे। आज सुबह नदी में नहाने उतरने से यह हादसा हो गया।
पुलिस के अनुसार, सबसे पहले अमित (23) पुत्र जोगी राम नदी में नहाने उतरा। जैसे ही अमित पानी में डूबने लगा, उसे बचाने के लिए पीछे कमलेश (22) पुत्र प्रेम सिंह और उसका भाई रजनीश (20) नदी में उतरे। मगर तीनों ही पानी में डू*ब गए। आसपास मौजूद लोगों ने तीनों को नदी में काफी दूर तक बहते हुए देखा। SHO पांवटा साहिब देवी सिंह नेगी ने बताया- गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। नदी में पानी अधिक होने से सुराग नहीं मिल पाया। एसडीएम गुंजीत सिंह चीमा, DSP मानवेंद्र ठाकुर आदि अफसर मौके पर मौजूद हैं।
