कबड्डी में हिमाचल की चार बेटियों का कमाल, एशियन गेम्स में भारत के नाम स्वर्ण पदक
जापान के आइची-नागोया में चल रहे 20वें एशियन गेम्स में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। फाइनल मुकाबले में भारत ने ईरान को 37-34 से हराकर खिताब पर कब्जा किया। इस जीत में हिमाचल प्रदेश की चार बेटियों की भी अहम मौजूदगी रही।
भारतीय टीम में हिमाचल की पुष्पा राणा, रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर शामिल हैं। खास बात यह है कि पुष्पा राणा टीम की कप्तान हैं। चारों खिलाड़ियों के भारतीय टीम में चयन की पुष्टि एशियन गेम्स से पहले हुई थी।
फाइनल से पहले भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में नेपाल को 48-24 के बड़े अंतर से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और तीन ऑलआउट के साथ जीत दर्ज की।
ग्रुप चरण में भी भारत का प्रदर्शन शानदार रहा। टीम ने बांग्लादेश, ईरान और जापान को हराकर अपना अभियान अजेय रखा और सेमीफाइनल में पहुंची।
हिमाचल की चार खिलाड़ियों का एक साथ भारतीय महिला कबड्डी टीम में शामिल होना प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है। सिरमौर के शिलाई क्षेत्र से रितु नेगी और पुष्पा राणा, मंडी से भावना ठाकुर और सोलन के चायल क्षेत्र से ज्योति ठाकुर भारतीय टीम का हिस्सा हैं।
ये हमारे देश और प्रदेश के लिए बहुत गर्व की बात है
