सिरमौर के नौहराधार में भीषण अग्निकांड, 6 लोगों समेत कुछ मवेशी जिं**दा ज**ले
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला में बीती रात एक घर में भीषण आग लगने से छह लोग जिंदा जल गए। एक व्यक्ति को घायल अवस्था में रेस्क्यू किया गया। घायल को सोलन अस्पताल रेफर किया गया है। इसकी पुष्टि SDM संगड़ाह सुनील कायथ ने की है। मृतकों में तीन बच्चे और दो महिलाएं शामिल है। DC सिरमौर प्रियंका वर्मा ने बताया कि यह हादसा नौहराधार के तलांगना गांव में बीती रात तीन बजे के बीच पेश आया। घर पर कुल सात लोग थे। इनमें से छह की मौत हो गई है। प्रारंभिक सूचना के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट से भड़की। इससे घर पर रखा LPG सिलेंडर फट गया, जिससे आग ने पूरे मकान को चपेट में ले लिया।
इस अग्निकांड में कुछ पालतू मवेशियों के भी जिंदा जलने की सूचना है। आग लगने के बाद मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। यह आग मोहन लाल के घर पर लगी। बताया जा रहा है कि सभी मृतक मोहन लाल के घर पर मेहमानी करने आए थे और हादसे का शिकार हो गए। मृतकों की पहचान नरेश पुत्र दुर्गा सिंह निवासी टपरोली राजगढ़, तृप्ता पत्नी नरेश निवासी टपरोली राजगढ़, कविता पत्नी लोकेंद्र निवासी खुमड़ा चौपाल, सारिका पुत्री लोकेंद्र निवासी खुमड़ा चौपाल, कृतिका पुत्री लोकेंद्र निवासी खुमड़ा चौपाल, कृतिक पुत्र लोकेंद्र निवासी खुमड़ा चौपाल के तौर पर हुई है। वहीं लोकेंद्र इस हादसे में गंभीर रूप से घायल है। यानी लोकेंद्र की पत्नी और तीन बच्चे इस हादसे में नहीं रहे।
SDM संगड़ाह सुनील कायथ ने बताया कि अग्निकांड की सूचना के बाद वह घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होंने बताया कि आग अब कंट्रोल है। राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए है। जिस जगह यह हादसा हुआ है, वह अति दुर्गम क्षेत्र है। वहां मोबाइल सिंग्नल भी मौजूद नहीं है। इससे हादसे की पूरी जानकारी नहीं मिल पा रही है।
