हिमाचल: तीसरी बार आम आदमी पार्टी के राज्य प्रवक्ता की कमान संभाल रहे कल्याण भंडारी
पूर्व शिक्षक नेता एवं सेवानिवृत्त प्रिंसिपल कल्याण भंडारी लगातार तीसरी बार आम आदमी पार्टी के राज्य प्रवक्ता की कमान संभाल रहे है। साथ ही, उन्हें समन्वय समिति के सदस्य की भी अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए कल्याण भंडारी ने शीर्ष नेतृत्व के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि मुझ पर निरंतर विश्वास जताने के लिए मैं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. संदीप पाठक, प्रदेश प्रभारी ऋतु राज गोविंद झा और सह-प्रभारी अजय सिंह राजपूत का सहृदय आभार व्यक्त करता हूँ।
भंडारी ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में वर्तमान में चल रही 'मैराथन बैठकों' और 'जनसंवाद' की प्रक्रिया संगठन को जमीनी स्तर पर अभेद्य बनाएगी। साथ में उनकी अपनी आगामी कार्ययोजना में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली-पानी, परिवहन और महिला सुरक्षा की काम की राजनीति के 'दिल्ली-पंजाब मॉडल' को हिमाचल के हर घर तक पहुँचाना, मीडिया के हर प्लेटफॉर्म पर आम जनमानस के मुद्दों को पूरी मजबूती व तथ्यों के साथ प्रस्तुत करना, समन्वय समिति के सदस्य के रूप में पार्टी के भीतर संवाद और सामंजस्य को सशक्त कर संगठनात्मक एकजुटता सुदृढ़ करना तथा प्रदेश की जनता के सामने एक स्वच्छ, ईमानदार एवं पारदर्शी राजनीति का विकल्प पेश करना शामिल है।
