हिमाचल: 28 से 30 मार्च तक बरसेंगे बादल, लुढ़केगा पारा, 8 जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में बीते कई दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है हालांकि प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी दर्ज की गई। अब प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले भागों में बीती रात से ही मौसम बदल गया है। प्रदेश में अगले एक सप्ताह के दौरान मौसम में बदलाव के बाद तापमान में भारी गिरावट आएगी। राज्य के अधिकांश शहरों का अधिकतम तापमान नॉर्मल से नीचे गिर गया है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री नीचे लुढ़क चुका है।
राज्य में अगले छह दिन तक बारिश-बर्फबारी जारी रहने का पूर्वानुमान है। विशेषकर आज, कल और परसों (28 से 30 मार्च तक) तेज बारिश, बर्फबारी, आंधी और तूफान का येलो अलर्ट जारी किया गया है। लाहौल स्पीति, चंबा, कुल्लू व किन्नौर की अधिक ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होगी, जबकि मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले भागों में अगले 72 घंटे तक बारिश होगी। इस दौरान कई क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तूफान चलने का पूर्वानुमान है। इसे देखते हुए टूरिस्ट समेत लोकल लोगों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने (IMD) आज ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, चंबा, कुल्लू और शिमला जिला में बारिश, आंधी-तूफान का अलर्ट है, जबकि अगले कल लाहौल स्पीति और किन्नौर को छोड़कर अन्य सभी 10 जिलों में चेतावनी दी गई है। 30 मार्च को भी चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिला में येलो अलर्ट दिया गया है। IMD के मुताबिक - 31 मार्च को वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर जरूर पड़ेगा, लेकिन बारिश-बर्फबारी 2 अप्रैल तक जारी रहेगी। राहत की बात यह है कि इस दौरान अलर्ट नहीं है।
चंबा के तापमान में सामान्य की तुलना में सबसे ज्यादा 4 डिग्री की गिरावट के बाद पारा 25.4 डिग्री सेल्सियस रह गया है। सुंदरनगर का पारा 2.2 डिग्री की गिरावट के बाद 26.0 डिग्री, नाहन के तापमान में 3.7 डिग्री की कमी के बाद 24.8 डिग्री और कुफरी का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री नीचे गिरने के बाद 12.2 डिग्री सेल्सियस रह गया है।
