हिमाचल: प्रदेश के पांच जिलों में आज अंधड़ और ओलावृष्टि का अलर्ट, अटल टनल में बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। हिमाचल प्रदेश के पांच जिलों शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और चंबा में रविवार के लिए अंधड़ और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते 3 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम खराब रहने की संभावना है, जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज हो सकती है। शनिवार को अधिकांश क्षेत्रों में धूप रही, जबकि राजधानी शिमला में हल्के बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार 29 मार्च से 3 अप्रैल के बीच प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है। हालांकि, 1 अप्रैल को केवल ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में ही हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है।
31 मार्च को कुछ स्थानों पर और 29, 30 मार्च तथा 2-3 अप्रैल को कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। साथ ही, 29-30 मार्च और 2-3 अप्रैल को 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले 2-3 दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। शुक्रवार रात को विभिन्न स्थानों पर न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, जिसमें शिमला में 10.5°C, भुंतर में 10.0°C, कल्पा में 4.0°C, धर्मशाला में 9.5°C और केलांग में 1.1°C शामिल हैं।
इसी बीच, अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल पर भारी बर्फबारी शुरू हो गई है। सुरक्षा के मद्देनज़र सोलंग बैरियर से आगे 4×2 और दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। डीएसपी केडी शर्मा ने लोगों से अपील की है कि वे केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा करें और ऐसी स्थिति में केवल 4×4 वाहनों का ही उपयोग करें। साथ ही, मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
