हिमाचल: बजट सत्र के दूसरे चरण का आज तीसरा दिन, कल CM सुक्खू पेश करेंगे बजट
हिमाचल प्रदेश विधानसभा में इन दिनों सियासी माहौल काफी गरमाया हुआ है। राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को लेकर चल रही चर्चा आज अपने अंतिम दिन में पहुंच गई है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच पिछले दो दिनों से तीखी बहस देखने को मिल रही है। अब सभी की नजरें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर टिकी हैं, जो आज सदन में विपक्ष के सवालों का जवाब देंगे।
विधानसभा में आज धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का समापन होगा। इस दौरान विपक्ष ने सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर कई सवाल उठाए हैं। वहीं सत्ता पक्ष ने अपनी उपलब्धियों को गिनाते हुए जवाब दिया है। आज मुख्यमंत्री सदन में उठाए गए सभी मुद्दों पर विस्तृत जवाब देंगे, जिससे बहस का निष्कर्ष सामने आएगा।
वहीं राजनीतिक गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा मुख्यमंत्री द्वारा पेश किए जाने वाले बजट को लेकर है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शनिवार को अपना चौथा बजट पेश करेंगे। खास बात यह है कि यह बजट राजस्व घाटा अनुदान (RDG) के बिना पेश किया जाएगा, जिससे इसकी वित्तीय रणनीति और प्राथमिकताओं पर सभी की नजरें टिकी हैं।
आज का सत्र सुबह 11 बजे प्रश्नकाल से शुरू होगा। विधायकों द्वारा विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे, जिनमें 33 तारांकित और 7 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इन सवालों में खाली सरकारी भवन, स्वास्थ्य सुविधाएं, सड़क योजनाएं, ऊर्जा उत्पादन, पर्यटन, बीपीएल सर्वे और अन्य जनहित के मुद्दे शामिल हैं।
मुख्यमंत्री आज वर्ष 2025-26 का आर्थिक सर्वेक्षण भी सदन में पेश करेंगे। यह रिपोर्ट राज्य की आर्थिक स्थिति, विकास दर और आने वाली नीतियों की दिशा को स्पष्ट करेगी। इससे बजट की रूपरेखा को समझने में भी मदद मिलेगी। डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री और कृषि मंत्री चंद्र कुमार भी अपने-अपने विभागों से जुड़े प्रतिवेदन सदन के पटल पर रखेंगे। इसके अलावा कुछ सरकारी विधेयक भी पुनः स्थापना के लिए पेश किए जाएंगे।
