मंजू शर्मा मौत मामले में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, जांच रिपोर्ट के बाद स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अनु निलंबित
मंजू शर्मा मौत मामले में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में तैनात स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अनु को निलंबित कर दिया है। इलाज में कथित लापरवाही के आरोपों के बाद गठित जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के उच्च अधिकारियों को सौंपी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। फिलहाल डॉ. अनु को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, शिमला में अटैच किया गया है।
गौरतलब है कि मृतक महिला मंजू शर्मा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर पिछले दो दिनों से कुल्लू के ढालपुर में युवाओं द्वारा लगातार धरना-प्रदर्शन और अनशन किया जा रहा था। मंगलवार शाम कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को डॉ. अनु के निलंबन की जानकारी दी। इसके बाद आंदोलनकारियों ने अपना अनशन समाप्त कर दिया।
विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि उन्होंने इस पूरे मामले को प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया था, जिसके बाद सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित डॉक्टर को निलंबित किया। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि मामले में दर्ज अन्य शिकायतों की भी निष्पक्ष जांच होगी और यदि किसी अन्य की जिम्मेदारी सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मृतका मंजू शर्मा के भाई दिनेश शर्मा ने बहन को न्याय दिलाने के लिए सड़कों पर उतरकर समर्थन देने वाले हजारों लोगों का आभार व्यक्त किया। वहीं समाजसेवी बलदेव ठाकुर ने कहा कि दो दिनों तक चले आंदोलन के बाद यह कार्रवाई हुई है और उन्हें उम्मीद है कि मामले में शामिल अन्य स्टाफ नर्सों के खिलाफ भी जल्द उचित कार्रवाई की जाएगी। अब सभी की नजर इस बात पर है कि जांच के अगले चरण में स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन क्या कदम उठाते हैं।
