हिमाचल में आज खिलेगी धूप, कल से फिर करवट लेगा मौसम, जानें अपडेट
हिमाचल प्रदेश में लगातार तीन दिनों तक हुई भारी बारिश और बर्फबारी के बाद शनिवार को मौसम साफ रहा। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा रविवार को भी प्रदेश भर में मौसम साफ रहने का अनुमान है। अधिकांश जिलों में धूप खिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा और दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। जिससे राहत कार्यों में तेजी आई है खराब मौसम के कारण प्रभावित जनजीवन को पटरी पर लाने के लिए प्रशासन ने सुचारु रूप से कार्यरत है।
वहीं प्रदेश भर में आज मौसम साफ रहेगा। जबकि कल एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा जिससे मौसम फिर बिगड़ने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार कल प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश का पूर्वानुमान है। IMD के अनुसार, शिमला, मंडी, कांगड़ा, कुल्लू और चंबा जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। ऊंचाई वाले किन्नौर और लाहौल-स्पीति में हल्की बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। इसके बाद, 24 और 25 मार्च को एक बार फिर प्रदेशभर में मौसम साफ और शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। इन दो दिनों में बारिश की कोई खास संभावना नहीं है, और तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी। 26 और 27 मार्च को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम फिर करवट लेगा। शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, सोलन और सिरमौर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। किन्नौर और लाहौल-स्पीति में हल्की बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान भी कुछ इलाकों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, हालांकि यह गतिविधि छिटपुट ही रहेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4-5 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान में 4 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इससे सुबह-शाम हल्की ठंड बनी रहेगी, जबकि दिन में गर्माहट बढ़ेगी। विभाग ने 23 और 26-27 मार्च को गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है।साथ ही तीन दिनों की भारी बारिश के चलते कुल्लू जिले में 47 सड़कें भूस्खलन के कारण बंद हो गई थीं। शनिवार सुबह से ही लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीम इन सड़कों को बहाल करने में जुट गई है। मशीनरी और कर्मचारियों की मदद से मलबा हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। प्रशासन को उम्मीद है कि देर शाम तक अधिकांश सड़कें वाहनों के लिए खोल दी जाएंगी। बारिश के चलते कई क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई थी। जिन्हें अब चरणबद्ध तरीके से बहाल किया जा रहा है।बिजली बोर्ड के कर्मचारी लगातार फील्ड में काम कर रहे हैं, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति जल्द से जल्द सुचारू की जा सके।
