6 जिलों में आज भी बारिश का येलो अलर्ट, कुल्लू में फ़्लैश फ्लड, जानें मौसम का अपडेट

हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में बीते रात भारी बारिश हुई है। कई जगहों पर बादल फटे तो कई जगह पर भूस्खलन हुए हैं। इसके चलते कल मंगलवार तक प्रदेश में एक NH सहित 357 सड़कें बंद रहीं। कुल्लू में फ्लैश फ्लड की वजह से काफी नुकसान हुआ है। कुल्लू के शास्त्रीनगर और गांधीनगर में सड़क पर खड़ी कई गाड़ियां मलबे में दब गईं और साथ ही कई घरों व दुकानों में मलबा भर चूका है। कांगड़ा और मंडी में भी तेज़ बारिश की वजह से नदी नाले उफान पर हैं। चंडीगढ़-मनाली फोरलेन औट, जोगनी मोड़, डयोड और दवाड़ा के समीप लैंडस्लाइड से अवरुद्ध है जिसके चलते सैकड़ों लोग कई घंटों से फोरलेन पर जगह जगह फंसे पड़े हैं। प्रदेश में अभी तक 74 जगह बाढ़ आ चुकी है और 38 जगह बादल फटने की घटना हो चुकी हैं।
यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 6 जिले ऊना, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिला में आज भी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। प्रदेश में अगले 5 दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की सम्भावना जताई गई है। वहीं मौसम विभाग द्वारा आगामी कल के लिए भी कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिला में बारिश की चेतावनी दी गई है जबकि 22 व 23 अगस्त के लिए ऊना, चंबा, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिला में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
अब तक का नुकसान
हिमाचल में इस मानसून अब तक 276 लोगों की मौत हुई हैं। इनमें 35 लोगों की जान लैंडस्लाइड, बाढ़ और बादल फटने से गई है जबकि 37 लोग अभी भी लापता हैं। प्रदेश में अब तक प्राइवेट व सरकारी संपत्ति को 2211 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है।