पालमपुर: कांगड़ा बनेगा आईटी हब : हर्षवर्धन
उद्योग, संसदीय कार्य एवं आयुष मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि कांगड़ा जिले को आईटी हब बनाया जाएगा। आईटी पार्क बनाने के लिए पालमपुर में 558 कनाल भूमि का चयन किया गया है। उद्योग मंत्री ने यह बात पालमपुर हलके के अंतर्गत भगोटला और घमरोता (राख) में आईटी पार्क के लिए चयनित की गई भूमि की स्पॉट विजिट करने के दौरान कही। मुख्य संसदीय सचिव शहरी विकास एवं शिक्षा आशीष बुटेल, निदेशक उद्योग राकेश प्रजापति उनके साथ मौजूद रहे।
उद्योग मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांगड़ा में आईटी सेंटर विकसित करने के निर्देश दिए हैं और कांगड़ा को आईटी हब बनाने के लिए विशेष प्रयास आरंभ किए गए हैं। उन्होंने भगोटला की स्पॉट विजिट कर इसे उपयुक्त स्थान बताया। उन्होंने कहा कि लगभग 558 कनाल सरकारी भूमि उपलब्ध होने से आईटी पार्क बनाने में लाभ होगा। उन्होंने अधिकारियों को भी सभी औपचारिकताएं समयबद्ध पूरा करने के आदेश दिए।
उन्होंने कहा कि उद्योग विभाग ने आइटी पार्क के लिए 3-4 स्थानों को चिन्हित किया है और मुख्यमंत्री ने उन्हें तथा सरकारी अधिकारियों को इन स्थानों की स्पॉट विजिट करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इसे आगे बढ़ाने के लिये आज अधिकारियों के साथ दो स्थानों को देखा गया है। उन्होंने विभाग को आदेश दिये कि समयबद्ध जमीन के अधिग्रहण कर अन्य तारीख तक पूर्ण कर उद्योग विभाग के नाम ट्रांसफर करने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश जारी किये। उन्होंने कहा कि घमरोता (राख) की जमीन भी सरकारी मापदंडों के अनुरूप अगर उपयुक्त होगी तो इसे भी अधिग्रहण करने पर विचार किया जाएगा।
कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार पर खर्च होंगे दो हजार करोड़
चौहान ने कहा कि सरकार ने कांगड़ा जिला को विशेष पहचान देने के लिए कांगड़ा को टूरिज्म कैपिटल बनाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कांगड़ा में सरकार बड़े-बड़े प्रोजेक्ट लाने जा रही है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा को आईटी हब बनाने की दिशा में विशेष प्रयास हो रहा है। कांगड़ा में इंटरनेशनल लेवल का गोल्फ कोर्स और ज़ू बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाने के लिये कांगड़ा एयरपोर्ट का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के विस्तार के लिये भू अधिग्रहण के लिए 2000 करोड रुपए का प्रावधान किया गया है।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष त्रिलोक चंद, नगर निगम पालमपुर की महापौर पूनम वाली, पार्षद संजय राठौर, मदन दीक्षित, एसडीएम पालमपुर डॉ. अमित गुलेरिया, डीएफओ नितिन पाटिल, तहसीलदार सार्थक शर्मा, जीएम डीआईसी राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
