12 अक्टूबर को दिल्ली में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, सुक्खू समेत हिमाचल के नेता होंगे शामिल
शिमला: मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि 12 अक्तूबर को दिल्ली में कांग्रेस का राष्ट्रीय प्रदर्शन होगा। इसमें हिमाचल प्रदेश से मुख्यमंत्री सुक्खू के अलावा कैबिनेट मंत्री, कांग्रेस विधायक और पार्टी कार्यकर्ता भी शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री शनिवार को दिल्ली से शिमला लौटे। इस दौरान पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने दिल्ली में होने वाले कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रदर्शन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल से भी बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता इसमें हिस्सा लेंगे।
गौरतलब है कि कांग्रेस हाल के दिनों में चुनाव प्रक्रिया और विपक्षी नेताओं की हिरासत के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। हिमाचल में भी मुख्यमंत्री सुक्खू की अगुवाई में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया था।
सुक्खू ने इससे पहले दिल्ली में विपक्ष के प्रदर्शन में भी हिस्सा लिया था, जहां उन्होंने निष्पक्ष चुनाव और मताधिकार की सुरक्षा को लोकतंत्र के लिए जरूरी बताया।
शिमला लौटने के बाद मुख्यमंत्री से हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने भी सचिवालय में मुलाकात की और अपनी मांगें उनके सामने रखीं।
