जल शक्ति मंत्री के खिलाफ शिक्षकों ने खोला मोर्चा,माफ़ी मांगे नहीं तो होगा उग्र आंदोलन

जिला कुल्लू के बंजार में जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर की टिप्पणी के खिलाफ शिक्षकों ने मोर्चा खोल दिया है। जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर अधिकारियों और कर्मचारियों को खुलेआम लताड़ लगाने को लेकर सुर्खियों में रहते है। किन्तु इस बार मंत्री द्वारा दिए गए बयान को लेकर शिक्षकों ने उनके खिलाफ आवाज बुलंद कर दी है। शिक्षकों ने मांग की है कि अपनी टिप्पणी पर मंत्री माफ़ी मांगें, नहीं तो शिक्षक वर्ग आंदोलन करने से भी गुरेज नहीं करेगा। कार्यक्रम के मंच से अध्यापक पर टिप्पणी करने से शिक्षा विभाग के चारों संघ एकजुट हो गए हैं।
प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेशाध्यक्ष हेमराज ठाकुर, स्कूल प्रवक्ता संघ प्रदेशाध्यक्ष केसर सिंह ठाकुर और सीएंडवी अध्यापक संघ के प्रदेशाध्यक्ष चमन लाल ने कहा कि मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर शिक्षकों के खिलाफ मंच से निंदनीय भाषा का प्रयोग करने में संयम से काम लें, ताकि देवभूमि की संस्कृति की गरिमा बनी रहे। उन्होंने कहा कि जलशक्ति मंत्री ने बंजार की जनसभा में अध्यापकों के प्रति जो शब्द कहें हैं, उनकी घोर निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि शायद मंत्री को अपने विभाग के सिवाय और कुछ दिखाई नहीं दे रहा है। कोविड महामारी के दौरान शिक्षकों ने लाखों रुपये कोविड केयर फंड में डोनेट किए हैं। साथ ही फ्रंटलाइन वर्कर के रूप में कार्य करते हुए प्रदेश भर में स्वास्थ्य विभाग के साथ कोविड जांच केंद्रों, वैक्सीनेशन सेंटर और पुलिस प्रशासन के साथ बॉर्डर और विभिन्न स्थानों पर अपनी सेवाएं प्रदान की हैं और अभी भी जारी हैं।