परिवहन मंत्री से मिला परिवहन मजदूर संघ के प्रदेश पदाधिकारियों का प्रतिनिधि मंडल
- संघ के प्रदेश अध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर ने परिवहन मंत्री को किया सम्मानित
- परिवहन कर्मचारियों की समस्याओं से करवाया अवगत
परिवहन मजदूर संघ के प्रदेश पदाधिकारियों के प्रतिनिधि मंडल ने संघ के प्रदेश अध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर के नेतृत्व में परिवहन मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर से सचिवालय में मिलकर उन्हें शाल, टोपी व तलवार भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने परिवहन कर्मचारियों की समस्याओं से उन्हें विस्तार पूर्वक अवगत कराया।
परिवहन मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर ने समस्याएं सुनने के बाद संघ के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि एचआरटीसी प्रदेश की जनता के लिए 24 घंटे आवागमन का एक प्रमुख साधन है जो इसमें कार्यरत हजारों कर्मचारियों के परिवारों की आर्थिक समृद्धि की आधारशिला भी है। जहां भ्रष्टाचार के लिए कोई भी स्थान नहीं हो सकता। उन्होंने एचआरटीसी के सभी कर्मचारियों और अधिकारियों से पूरे समर्पण और इमानदारी से प्रदेश हित में अपने कार्य में जुट जाने का आह्वान किया। संघ के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वैश्विक महामारी के इस कठिन दौर में हमारी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। परिवहन कर्मचारी पूरे समर्पण से कार्य कर अपनी विराट क्षमता का परिचय देकर जनता की सेवा में जुट जाएं।
संघ के प्रतिनिधिमंडल को विश्वास दिलाते हुए उन्होंने कहा कि कई बार प्रतिभावान कर्मचारियों को उनका मूल्यांकन करने वालों के अज्ञान, अवहेलना, ईर्ष्या व द्वेष के कारण समुचित सम्मान से वंचित रहना पड़ता है लेकिन अब ऐसी नौबत नहीं आएगी। चरणबद्ध तरीके से परिवहन कर्मचारियों की सभी समस्याओं का समाधान सभी को विश्वास में लेकर किया जाएगा।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर ने कहा कि जब क्षमता वान नेतृत्व धेयावादी होता है तो छोटे बड़े असंख्य कार्यकर्ता उसी प्रेरणा की ऊर्जा से लक्ष्य प्राप्त करने के लिए सर्वस्व निछावर कर हंसते-हंसते अपने रास्तों पर निकल पड़ते हैं। शंकर सिंह ठाकुर ने कहा कि परिवहन मंत्री के साथ संघ की यह पहली मुलाकात परिवहन कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकारों में बने छठे ऊर्जावान परिवहन मंत्री के साथ कार्य करना का सौभाग्य प्राप्त हुआ है परिवहन मजदूर संघ को इसका अपार हर्ष है।
संघ के प्रतिनिधि मंडल में श्रवण शर्मा, प्रताप ठाकुर, मनजीत ठाकुर, सतीश नड्डा, राम कुमार शर्मा, पवन ठाकुर, रिखी राम कौंडल, राजन वर्मा, नंदलाल बट्टू, राजेंद्र ठाकुर, ईश्वर सिंह, कुलवंत सिंह, संदीप शर्मा, अजय कुमार, महेंद्र ठाकुर, नरेंद्र ठाकुर, संजय कुमार, कैलाश चंद, जयप्रकाश उपस्थित थे।