जसवां-परागपुर: उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने कस्बा जागीर में किया तीन रास्तों का भूमिपूजन
प्रदेश में हर गांव को सड़क मार्ग से जोड़ने के लिए जयराम सरकार प्रयासरत है। इस हेतु प्रदेश में विभिन्न योजनाओं और विभागों के माध्यम से सड़क परियोजनाओं के लिए करोड़ों का फंड उपलब्ध करवाया जा रहा है। जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कस्बा जागीर के गांव सुलयाह में तीन रास्तों के भूमिपूजन के उपलक्ष्य पर उद्योग एवं परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर बोल रहे थे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत लगभग 10 लाख रूपये की लागत से गांव सुलयाह में इन रास्तों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ब्लाॅक और पंचायत के माध्यम से बनने वाले यह रास्ते तीन माह के भीतर बनकर क्षेत्र की जनता को समर्पित कर दिए जाएंगे।
इसके बाद उन्होंने डूहकी में लोगों से संवाद स्थापित करते हुए बताया कि गुराला से अप्पर डूहकी संपर्क मार्ग के लिए 15 लाख रूपये की राशि स्वीकृत कर दी गई है और आने वाले दिनों में जल्द ही इसका निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि डूहकी सड़क के निर्माण के लिए उद्योग विभाग के अन्तर्गत खान और खनिज कोष से यह राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने बताया कि जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र में खान और खनिज कोष से ही लगभग 70 लाख रूपये के विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में उद्योग विभाग और औद्योगिक गलियारे के तहत ही करोड़ों रूपये के विकाय कार्यों को अमली जामा पहनाया जा रहा है।उद्योग मंत्री ने डूहकी में जनसमस्याओं को विस्तारपूर्वक सुनते हुए अधिकत्म का मौके पर ही समाधान किया और शेष से समयबद्ध निवारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को क्षेत्र की जनता की समस्याओं को समय पर दूर करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।