शिमला में कोरोना का बड़ा विस्फोट, आईटीबीपी के 18 जवान सहित 22 पॉजीटिव
सोलन व नाहन के बाद अब शिमला जिला में कोरोना का बड़ा विस्फोट देखने को मिला है। सोमवार सुबह शिमला में एक साथ कोरोना के 22 मामले सामने आए हैं जिस में 18 आइटीबीपी के जवान भी शामिल हैं।
यह जवान शिमला जिले के रामपुर उपमण्डल के ज्यूरी में आइटीबीपी के 43 वी बटालियन के है। हालांकि यह सभी जवान स्वस्थ है और विर्तमान में एसजेवीएन के ज्यूरी स्थित परिसर में संस्थागत क्वारंटाइन थे। स्वास्थ्य विभाग ने 41 जवानों के सैंपल जांच के लिए शिमला भेजे थे, जिनमें से 18 जवान कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। यह सभी जवान हाल ही में प्रदेश के बाहर से अपने बटालियन आए थे और उन्हें संस्थागत क्वारंटाइन किया गया था। इससे पहले भी ज्यूरी स्थित आईटीबीपी 43 बटालियन के जवान जो बाहरी राज्यों से यहां पहुंचे थे जो पॉजीटिव निकले थे। अब 18 जवान और पॉजिटिव आने से ज्यूरी आसपास के लोगों में भय का माहौल है। हालांकि संस्थागत क्वारंटाइन होने के कारण कम्युनिटी स्प्रेड की संभावनाएं न के बराबर है। एसडीएम रामपुर सुरेंद्र मोहन ने जवानों के कोरोना पॉजीटिव होने की पुष्टि की है।
इसके अलावा रोहड़ू की महेंदली में दो प्रवासी मज़दूर पॉजिटिव पाए गए हैं। इनकी आयु 24 व 55 साल है। एस डी एम रोहड़ू ने कहा की सम्बंधित एरिया को सील किया जा रहा है। इसके अलावा 2 मामले शिमला में आए हैं जिन में से 1 मामला जतोग आर्मी ट्रेनिग कैंट का है। दूसरे मामले की जानकारी खबर छपने तक आनी बाकि थी।
