विश्व कप के मैचों के दौरान 1500 जवान संभालेंगे सुरक्षा का जिम्मा : एसपी
-कहा, रूटों पर प्लान के तहत चलेंगे वाहन, निर्धारित पार्किंग में ही पार्क होंगे वाहन
-सुरक्षा के मद्देनजर 15 सेक्टरों में बांटा गया है धर्मशाला शहर
धर्मशाला में शुरू होने वाले वनडे क्रिकेट विश्व कप के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्लान, दिनचर्या को सुचारू रूप से चलाए रखने के लिए 1500 जवानों को तैनात किया जाएगा। यह जानकारी एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने आज धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।
एसपी ने बताया कि धर्मशाला आने वाले जितने भी मार्ग हैं, उन रूटों पर प्लान के तहत वाहन चलेंगे तथा जो पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं, वहां पर ही वाहनों की पार्किंग होगी। उन्होंने कहा कि मैचों के साथ इस माह नवरात्र भी शुरू हो जाएंगे, दशहरा उत्सव भी आ रहा है, इसको लेकर पुलिस के लिए यहां कानून-व्यवस्था बनाए रखना किसी चुनौती से कम नहीं होगा।
एसपी ने कहा कि मैचों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर धर्मशाला में 15 सेक्टर बनाए गए हैं, जिसमें 9 सेक्टर स्टेडियम के भीतर रहेंगे, बाकी 6 धर्मशाला के लिए रहेंगे। उन्होंने कहा किसी को अगर कोई संदिग्ध वस्तु दिखती है तो वे इसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
