सुजानपुर : डीएवी आलमपुर द्वारा मनाया गया देश का 76वां स्वतंत्रता दिवस

अनूप। सुजानपुर
डीएवी आलमपुर जिला कांगड़ा द्वारा देश का 76वां स्वतंत्रता दिवस नई उमंग व तरंग के साथ मनाया गया। कक्षा एलकेजी से 12वीं तक के छात्र -छात्राओं द्वारा देशभक्ति का औचित्य दर्शाते हुए अनुच्छेद व कविता- लेखन किया गया। साथ ही देश भक्ति से ओत-प्रोत गीत-गायन व आकर्षक नृत्य पेश किए गए। छात्रों ने अपनी देशभक्ति का परिचय देते हुए हिंदी व अंग्रेज़ी भाषा में नारा-लेखन किया और देश की आज़ादी के लिए बलिदान हुए शहीदों को याद किया। विद्यालय के नन्हें-मुन्ने छात्रों ने देश के तिरंगे के मनमोहक चित्र बनाए तथा नए जोश व जुनून के साथ देश का स्वतंत्रता दिवस मनाया। 'घर-घर तिरंगा' अभियान के अंतर्गत सभी छात्रों ने उत्साहपूर्ण अपने-अपने घरों में तिरंगा लहराया। विद्यालय के प्रधानाचार्य बिक्रम सिंह ने बच्चों व अभिभावकों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। साथ ही इस दिन की महत्ता को समझाते हुए उन्होंने देश के प्रति कर्त्तव्यशील व निष्ठावान रहने की प्रेरणा दी।