नादौन में आप कार्यकर्ताओं ने किया अग्निपथ याेजना का विरोध

देश के नौजवानों के साथ बहुत बड़ा विश्वासघात है अग्निपथ: शैंकी ठुकराल
फर्स्ट वर्डिक्ट। नादाैन
अग्निपथ स्कीम का जहां पूरे देश में विरोध हो रहा है, वहां आम आदमी पार्टी हिमाचल ने भी इसका जम कर विरोध किया। नादौन विधानसभा क्षेत्र में भी आप पार्टी के कार्यकर्ताओं ने इस गंभीर मुद्दे के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी के कार्यकर्ता तथा पार्टी के ओबीसी विंग के संयुक्त सचिव शैंकी ठुकराल ने कहा कि अग्निपथ देश के नौजवानों के साथ विश्वासघात है। भारत की सेना में भर्ती होने वाला देश का नौजवान अपने प्राणों की आहुति देकर देश की रक्षा करता है और भाजपा सरकार उन्हें एक नौकरी की सुरक्षा देने के हक़ में भी नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि सरकार इस स्कीम को लागू करके फौज में जाने कि इच्छा रखने वाले लाखों देश के युवाओं का भविष्य अंधकार में डाल रही है।
यह गौर करने वाली बात है कि भर्ती प्रक्रिया में बदलाव लाने से पहले देश की लोकतंत्र प्रणाली में भी किसी तरीके की बहस नहीं की गई। यह रवैय्या सरकार की तानाशाही को दर्शाता है। उन्होंने आगे कहा कि फौज में ट्रेनिंग लेकर तथा नौकरी करके 4 वर्ष बाद देश का युवा कहां जाएगा? यह याेजना देश की सुरक्षा और सेना के सम्मान के साथ भी खिलवाड़ करती है।
मोदी सरकार को ज़रूरत है कि इस अज्ञानता की नींद से बाहर निकले और देश में लाखों युवाओं द्वारा उठाई जा रही इस आवाज को सुनें और इस अग्निपथ स्कीम को जल्द से जल्द वापिस लिया जाए। आम आदमी पार्टी देश के युवाओं के साथ इस संघर्ष में साथ है। प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी हिमाचल के ओबीसी विंग के प्रधान दुर्गेश, सचिव फौजा सिंह और आम आदमी पार्टी नादौन के कार्यकर्ता अशोक कुमार, विजय शर्मा, रिशव, निखिल, राजिंदर कुमार, बलबीर, दीपक, साहिल, तेनज़िंन तथा विकास मौजूद थे।