शिमला : पीजी परिणाम घोषित न होने पर भड़की एबीवीपी, परीक्षा नियंत्रक का किया घेराव
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई ने आज परीक्षा नियंत्रक का घेराव किया। विद्यार्थी परिषद ने इस दौरान मांग उठाई की लंबित पड़े परीक्षा परिणामों को वि.वि प्रशासन जल्द घोषित करे। इकाई अध्यक्ष आकाश नेगी की अगवाई में कार्यकर्ता दोपहर 2 बजे परीक्षा नियंत्रक के कार्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने पीजी परीक्षाओं के महीनों से लंबित पड़े परिणामों को घोषित न करने पर परीक्षा नियंत्रक को घेरा। आकाश ने कहा कि पीजी की परीक्षाएं पिछले वर्ष सितंबर में आयोजित की गई थी, लेकिन विश्वविद्यालय की लच्चर व्यवस्था के कारण आज 5 महीने बीत जाने के बाबजूद भी इन परीक्षाओं का परिणाम विवि प्रशासन घोषित नहीं कर पाया है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद द्वारा इन पीजी परीक्षाओं का रिजल्ट घोषित करने की मांग के कारण विश्वविद्यालय प्रशासन ने आनन फानन में कुछ विभागों का परिणाम जारी कर दिया, लेकिन उनमें भी बहुत से अनियमिताएं पाई गई हैं। आकाश ने कहा कि बहुत से छात्रों का रिजल्ट आधा अधूरा ही घोषित कर दिया गया है, जो कि विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। आकाश ने कहा कि 3 मार्च से विवि प्रशासन ने पीजी की परीक्षाएं शुरू कर दी हैं लेकिन अभी पिछले परिणाम घोषित नहीं किए हैं, जिन छात्रों ने रिअपीयर की परीक्षाएं दी थी, उनका भी रिजल्ट नहीं आया है। छात्र असमंजस की स्तिथि में हैं, उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि वे दोबारा रिअपीयर के पेपर भरें या नहीं।
एलएलएम की कॉउंसलिंग 3मार्च को, एलएलबी का रिजल्ट अधूरा घोषित
आकाश ने कहा कि विवि प्रशासन ने 3 मार्च से एलएलएम की कॉउंसलिंग शुरू की है, लेकिन अभी तक एलएलबी का परीक्षा परिणाम अधूरा घोषित किया है, छात्र समझ नहीं पा रहे हैं कि वे अब कॉउंसलिंग में हिस्सा लें या नहीं। आकाश ने कहा कि छात्रों को परिणाम के लिए महीनों इंतजार करना पड़ रहा है। विवि की लच्चर कार्यप्रणाली के कारण प्रदेशभर के हजारों छात्र परेशान हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद छात्रों के साथ हो रहे अन्याय को सहन नहीं करेगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 3 दिनों के भीतर परीक्षा परिणाम घोषित नहीं हुए, तो आने वाले समय में प्रशासनिक ब्लॉक पर ताले लगा दिए जाएंगे। आकाश ने कहा कि विद्यार्थी परिषद विवि प्रशासन से मांग करती है कि तय दिनों के भीतर पीजी परीक्षा परिणामों को घोषित किया जाए तथा एलएलएम की कॉउंसलिंग की तिथि को एक्सटेंड किया जाए, ताकि सभी छात्र कॉउंसलिंग में भाग ले सकें।
